
बाराबंकी। देवा क्षेत्र में ग्वारी के निवासी किराना व्यापारी आलोक जायसवाल के घर 22 मई की भोर हुई डकैती की वारदात का पुलिस ने पटाक्षेप कर दिया। मंगलवार देर रात देवा के टीप हार जंगल में हुई मुठभेड़ के दौरान डकैती में शामिल पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है।
पुलिस के अनुसार संदिग्धों की घेराबंदी पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में बहराइच के वसीम और सैफ घायल हो गए। सैफ मूल रूप से घुंघटेर निवासी है और वर्तमान में लखनऊ के दुबग्गा में रह रहा था। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मौके से बाराबंकी निवासी इस्लाम, बलवंत और अबरार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से डकैती में लूटी गई करीब चार लाख रुपये की नकदी बरामद की है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त असलहे और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।
गौरतलब है कि 22 मई की भोर में ग्वारी गांव में किराना व्यापारी आलोक जायसवाल के घर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर नकदी और जेवरात लूट लिए थे। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। बुधवार रात हुई कार्रवाई में पुलिस ने पूरे गिरोह को दबोचने का दावा किया है।

