
गुरुग्राम। गुरुग्राम सेक्टर-110 के न्यू पालम विहार इलाके में स्वास्थ्य विभाग, ड्रग्स कंट्रोल विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है।
टीम ने यादव मार्केट स्थित बंगाली जनता सेवा क्लिनिक पर छापा मारकर बिना मेडिकल डिग्री और लाइसेंस के इलाज कर रहे सुकुमार बिस्वास नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग को लंबे समय से क्लिनिक में अवैध रूप से इलाज किए जाने की शिकायत मिल रही थी। इसके बाद सिविल सर्जन डॉ. लोकवीर के निर्देश पर ड्रग्स कंट्रोल अधिकारी सुरेश कुमार, डॉ. ओम प्रकाश और स्थानीय मेडिकल अधिकारियों की टीम गठित की गई। टीम ने थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए क्लिनिक पर छापा मारा।
बिना किसी डिग्री के चला रहा था क्लिनिक
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपित पिछले करीब छह वर्षों से बिना किसी वैध मेडिकल योग्यता के मरीजों का इलाज कर रहा था। मौके से भारी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां, इंजेक्शन, मेडिकल उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की गई।
अधिकारियों ने दवाओं और उपकरणों को कब्जे में लेकर उनकी गुणवत्ता और वैधता की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पूछताछ में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपित के पास दवाइयां कहां से आती थीं और उसके नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

