
सोहना (गुरुग्राम)। नगर परिषद के वार्ड नंबर 13 में अस्थायी तौर पर बनाए गए डंपिंग यार्ड में पिछले कई दिनों से आग लगी हुई है। इससे आस-पास के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इसके बाद भी परिषद के अधिकारी ध्यान देने को तैयार नहीं। जब भी आग लगती है तो बुझाने के लिए सिस्टम विकसित करने की बात की जाती है लेकिन इस दिशा में आज तक एक कदम भी आगे नहीं बढ़ा है। इलाके के पार्षद कई बार शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
आग से वातावरण दूषित हो रहा
नियमानुसार डंपिंग यार्ड के नजदीक फायर ब्रिगेड की गाड़ी तैनात रहनी चाहिए लेकिन कभी भी तैनात नहीं रहती है। इस वजह आग लगते ही कुछ ही देर में भीषण रूप धारण कर लेती है। परिषद ने कार्रवाई के नाम पर एक बार खानापूर्ति करते हुए एजेंसी पर 25 हजार का जुर्माना भी लगाया था लेकिन एजेंसी पर कोई असर नहीं हुआ। पिछले कई दिनों से कूड़े के ढेर में से धुआं निकल रहा है। आए दिन लग रही आग से वातावरण दूषित हो रहा है।
कई कॉलोनियों में जीना हुआ दूभर
कूड़े से लगातार उठते धुएं और दुर्गंध से पहाड़ काॅलोनी से लगती जावेद काॅलोनी, पीर काॅलोनी जखोपुर, गहलौत विहार जैसी काॅलोनियों में बसने वाले लोगों का जीना दूभर हो गया है। इस गंभीर समस्या को लेकर नगर परिषद के आधा दर्जन पार्षदों ने परिषद के अधिकारियों एवं सफाई कर्मियों के खिलाफ धरना प्रदर्शन भी दिया था।
पार्षदों ने डंपिंग यार्ड के कूड़े में आग लगाने को कानूनी अपराध बताते हुए पर्यावरणीय दृष्टि से गंभीर अपराध बताया था। यह भी कहा था कि हवा जहरीली होने से लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। इसके बाद भी कोई असर नहीं।
कैसे लग जाती है बार-बार आग?
सफाई निरीक्षक हरीश मेहता का कहना है कि परिषद क्षेत्र में प्रतिदिन 50 टन कूड़ा एकत्रित होता है। कूड़ा केंद्र में डाला जाता हैं। कूड़े में लगी आग से आस-पास के लोगों को सांस लेने में परेशानी होती है।
वार्ड नंबर 13 के पार्षद प्रतिनिधि टेकचंद का कहना है कि अरावली पर्वत श्रृंखला के समीप नगर परिषद द्वारा स्थापित गया डंपिंग यार्ड पूरी तरह अवैध है।
कागज़ और गट्टा बिनने वाले या असामाजिक तत्व उसमें आग लगा देते हैं। आग लगने के बाद कई कई दिनों तक धुआं उठता रहता है। परिषद के कनिष्ठ अभियंता से लेकर अन्य अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया लेकिन कोई सुनवाई नहीं।
“कूड़ा उठाने का कार्य एक एजेंसी को दिया हुआ है। कहां लापरवाही हो रही है, इसकी जांच होगी। सूचना मिलते ही आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच जाती है।”
-विक्की कुमार, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद सोहना।

