गुरुग्राम में बिजली गिरने से मकान की छत ढही, मलबे में दबा 9 साल का मासूम; बच्चे की हालत गंभीर

पटौदी। पटौदी नगर के वार्ड नंबर 14 में वीरवार शाम आसमानी बिजली गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया। बिजली गिरने के कारण एक मकान की सीमेंट की चादरों से बनी छत ढह गई।

जिसके मलबे के नीचे दबने से एक नौ वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मासूम के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेवाड़ी रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, वार्ड 14 के निवासी मुबारक के घर पर अचानक आसमानी बिजली आ गिरी। बिजली के जोरदार झटके से मकान की छत का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया।

स्वजन ने मलबा हटाकर बच्चे को बाहर निकाला
मकान के भीतर बेड पर बैठा मुबारक का नौ वर्षीय बेटा फरहान मलबे के नीचे दब गया। स्वजन ने तुरंत मलबे को हटाया और खून से लथपथ बच्चे को बाहर निकाला।

उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसके सिर पर 15 टांके लगाए। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने उसे सीटी स्कैन के लिए रेवाड़ी रेफर कर दिया है।

रहने को एक ही कमरा था जो ढह गया
पीड़ित पिता मुबारक ने बताया कि उनके पास रहने के लिए यही एक मात्र कमरा था, जो अब पूरी तरह खत्म हो चुका है। बच्चा की स्थिति भी गंभीर है।

आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि वे फिलहाल इस छत की मरम्मत कराने की स्थिति में भी नहीं हैं। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top