
भोरे (गोपालगंज)। भोरे प्रखंड में शुक्रवार की सुबह मौसम ने अचानक खतरनाक रूप ले लिया। तेज आंधी, बारिश और बादलों की तेज गड़गड़ाहट के बीच बगहवा मिश्र पंचायत के सबेया गांव में एक ऊंचे ताड़ के पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात के बाद पेड़ का ऊपरी हिस्सा धधक उठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए थे और तेज हवाएं चल रही थीं। इसी दौरान जोरदार धमाके के साथ बिजली सीधे ताड़ के पेड़ पर आ गिरी। बिजली गिरते ही पेड़ के ऊपरी हिस्से और पत्तों में आग लग गई।
बारिश होने के बावजूद पेड़ से उठती आग की लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। वहीं, कुछ दूरी मौजूद कुछ युवकों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया।
देखते ही देखते यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि तेज बारिश के बीच भी ताड़ का पेड़ धू-धू कर जल रहा है।
हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय पेड़ के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान लोगों से पेड़ों और खुले स्थानों से दूर रहने तथा सुरक्षित भवनों में शरण लेने की अपील की है।

