
अलकडीह(धनबाद)। Dhanbad News झरिया अंचल के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा डुमरी दो नंबर गली में शुक्रवार अहले सुबह हुई गोलीबारी से इलाके में सनसनी फैल गई।
अवैध लोहा कटिंग और वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हुई फायरिंग में रिक्की सिंह नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके सीने में लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
सुबह चार बजे गूंजी गोली की आवाज
स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब चार बजे डुमरी दो नंबर गली में अचानक दो राउंड फायरिंग हुई। गोली लगते ही रिक्की सिंह जमीन पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।
घटनास्थल से खोखा और तार बरामद
सिंदरी डीएसपी प्रकाश चंद्र महतो ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से गोली का एक खोखा तथा रोपवे का कटा हुआ तार बरामद किया है। पुलिस को आशंका है कि मामला अवैध लोहा कटिंग और चोरी से जुड़ा हो सकता है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पत्नी ने तीन लोगों पर लगाया आरोप
घायल रिक्की सिंह की पत्नी चंदा कौर ने हर्ष, गोपु और उनके साथियों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अवैध लोहा कटिंग को लेकर पहले से विवाद चल रहा था और उसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया।
एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

