TMC के 4 विधायकों के घर पहुंची CID, विधानसभा में जमा चिट्ठी के हस्ताक्षर पर उठे सवाल

कोलकाता । तृणमूल कांग्रेस की विधायक नयना बंद्योपाध्याय, कुणाल घोष समेत चार विधायकों के घर गुरुवार को राज्य पुलिस की खुफिया शाखा सीआइडी की टीम पहुंची। विधानसभा में तृणमूल के परिषदिय दल की ओर से जमा कराए गए एक पत्र में मौजूद हस्ताक्षरों को लेकर उठे विवाद के बाद यह कार्रवाई की गई।

आरोप है कि विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर तापस राय के सामने जिन विधायकों ने हस्ताक्षर किए थे, उनका मिलान परिषदिय दल की चिट्ठी में मौजूद हस्ताक्षरों से नहीं हो रहा है।

सूत्रों के अनुसार, इसी मामले में विधानसभा की ओर से हेयर स्ट्रीट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। अब उसी शिकायत की जांच सीआइडी कर रही है। बताया गया है कि पुलिस मुख्यालय लालबाजार की मदद से हस्ताक्षर विशेषज्ञों को भी जांच में शामिल किया गया है।

सीआइडी की टीम गुरुवार को दो बार चौरंगी की विधायक नयना बंद्योपाध्याय के घर पहुंची। पहली बार वह घर पर नहीं थीं। बाद में फोन पर बातचीत के बाद शाम को अधिकारी फिर उनके तालतला स्थित आवास पहुंचे।

बताया गया है कि टीम में दो महिला और चार पुरुष अधिकारी थे तथा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की गई। अधिकारियों ने नयना को संबंधित चिट्ठी दिखाकर पूछा कि उस पर किया गया हस्ताक्षर उनका है या नहीं। इस पर नयना ने स्वीकार किया कि हस्ताक्षर उन्हीं का है। उनका कहना था कि चिट्ठी में जगह कम होने के कारण उन्हें अलग तरीके से हस्ताक्षर करना पड़ा। नयना ने कहा कि मैं पांच बार की विधायक हूं। यह मेरे लिए अपमानजनक है। मैंने पूरे मामले की जानकारी विरोधी दलनेता को दे दी है।

विधायक कुणाल घोष, बाहारुल इस्लाम व तापस माइति के घर पहुंची सीआइडी की टीम

इसी मामले में सीआइडी की दूसरी टीम बेलेघाटा के विधायक कुणाल घोष के घर भी पहुंची। हालांकि वह उस समय घर पर नहीं थे। बाद में फोन पर बातचीत में उन्होंने अधिकारियों को बताया कि वह अगले दो-एक दिनों में खुद उपस्थित होकर जवाब देंगे। सीआइडी की टीम कैनिंग पूर्व के विधायक बाहारुल इस्लाम और डोमजुड़ के विधायक तापस माइति के घर भी गई।

विधानसभा में शोभनदेव चट्टोपाध्याय को विरोधी दलनेता घोषित करने के लिए परिषदिय दल की ओर से यह पत्र जमा कराया गया था। उसी पत्र के हस्ताक्षर अब जांच के दायरे में आ गए हैं। हालांकि पूरे विवाद पर शोभनदेव ने कोई टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top