मुश्किल में Spicejet एयरलाइंस, रद हो सकता है GST पंजीकरण; आखिर क्यों आई ये नौबत?

गुरुग्राम। एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट का जीएसटी पंजीकरण रद हो सकता है। गुरुग्राम उत्तर राज्य क्षेत्राधिकार के अंतर्गत वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग ने जीएसटी रिटर्न समय पर दाखिल नहीं करने के मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने जीएसटी पंजीकरण को रद करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

जीएसटी विभाग के अनुसार स्पाइसजेट द्वारा लगातार जीएसटी रिटर्न दाखिल करने में अनियमितता बरती गई तथा रिटर्न देरी से जमा किए जाते रहे।

इसके चलते सीजीएसटी/एसजीएसटी अधिनियम, 2017 की धारा 62 के तहत अस्थायी मूल्यांकन (प्रोविजनल असेसमेंट) किया गया, जिसके आधार पर विभिन्न अवधियों के लिए कुल 124 करोड़ 65 लाख 87 हजार 156 रुपये की कर मांग निर्धारित की गई है।

नवंबर से मार्च तक कितना बकाया है जीएसटी?

विभाग द्वारा जारी मांग विवरण के अनुसार, नवंबर माह के लिए 44.44 करोड़ रुपये, दिसंबर माह के लिए 43.79 करोड़ रुपये, जनवरी माह के लिए 12.19 करोड़ रुपये, फरवरी माह के लिए 12.10 करोड़ रुपये तथा मार्च माह के लिए 12.12 करोड़ रुपये की मांग निर्धारित की गई है।

कंपनी के जीएसटी पंजीकरण को रद करने के संबंध में 25 मई 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद कंपनी द्वारा लंबित रिटर्न अभी तक दाखिल नहीं किए गए हैं।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि स्पाइसजेट ने शीघ्र लंबित रिटर्न दाखिल कर जीएसटी कानून के तहत निर्धारित वैधानिक दायित्वों का पालन सुनिश्चित नहीं किया तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top