
गुरुग्राम। गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में स्नातक और इंटीग्रेटेड कोर्सों में दाखिले के लिए आवेदन करने का शुक्रवार अंतिम दिन है। अंतिम तिथि नजदीक आते ही विद्यार्थियों में आवेदन को लेकर तेजी बढ़ गई है। यूनिवर्सिटी में अब तक विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए 1689 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। कई कोर्सों में सीटों के मुकाबले तीन से चार गुना अधिक आवेदन आने से प्रतिस्पर्धा भी बढ़ गई है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन के अनुसार विभिन्न पाठ्यक्रमों में 20 से 60 सीटें निर्धारित हैं, लेकिन रोजगारपरक और इंडस्ट्री आधारित कोर्सों की मांग सबसे अधिक देखने को मिल रही है। सबसे ज्यादा 336 आवेदन बैचलर आफ कामर्स ग्लोबल कोर्स में आए हैं। इसके अलावा बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी के लिए 239 और बीबीए-एलएलबी इंटीग्रेटेड कोर्स के लिए 219 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
एमबीए इंटीग्रेटेड कोर्स में 201 आवेदन प्राप्त
एमबीए इंटीग्रेटेड कोर्स में 201 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि बीएससी मैथमैटिक्स विद डाटा साइंस में 133 विद्यार्थियों ने रुचि दिखाई है। इंडस्ट्री इंटीग्रेटेड ट्रैवल एंड टूरिज्म कोर्स में 128 और बीएससी एनीमेशन एंड मल्टीमीडिया में 119 आवेदन आए हैं। वहीं बीएससी ऑनर्स क्लिनिकल साइकोलॉजी आरसीआई अप्रूव्ड कोर्स के लिए भी 114 आवेदन पहुंचे हैं।
विद्यार्थियों से आज आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील
यूनिवर्सिटी के कुलपति डा. संजय कौशिक ने बताया कि नई शिक्षा नीति और इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुरूप तैयार किए गए कोर्स विद्यार्थियों को आकर्षित कर रहे हैं। तकनीक, हेल्थ, ला और मैनेजमेंट से जुड़े पाठ्यक्रमों में इस बार विद्यार्थियों की विशेष रुचि देखने को मिल रही है। उन्होंने इच्छुक विद्यार्थियों से आज आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

