
गुरुग्राम। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं गुरुग्राम के सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने सोमवार को लघु सचिवालय में जीएमडीए, नगर निगम, एचएसवीपी और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर में चल रहे विकास कार्यों के अलावा मानसून से पहले की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान शहर के ड्रेनेज सिस्टम, नालों की सफाई, जलभराव संभावित क्षेत्रों और सीवर व्यवस्था की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई।
सांसद ने अधिकारियों से मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए किए जा रहे इंतजामों की जानकारी ली। साथ ही सफाई कार्यों और जल निकासी व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट मांगी।
बैठक में किन बातों पर दिया गया जोर?
बैठक में शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, लंबित विकास कार्यों में तेजी लाने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यों की स्थिति से सांसद को अवगत कराया।
बैठक में गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, हरियाणा सरकार के प्रधान सलाहकार (शहरी विकास) डी.एस. ढेसी, जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा, नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया, एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह और अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक करीब दो घंटे तक चली, जिसमें शहर से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विभागवार समीक्षा की गई।

