
सोहना। अदालती जंग हारने और मुख्यमंत्री से कोई सहायता न मिलने के बाद वार्ड 13 की पहाड़ और पीर कालोनी के लोगों को घरौंदा उजड़ने का डर सताने लगा है। नोडल अधिकारी आरएस बाठ ने उनके अवैध निर्माण तोड़ने का साफ संदेश दिया है।
पर्यटन विभाग की भूमि पर अवैध निर्माण को ढहाने के मामले में पहाड़ कालोनी के लोगों को नोडल अधिकारी ने दो दिन की मोहलत दी तथा सख्त हिदायत दी कि अपने घरों से सामान निकाल लें। सरकारी भूमि पर एक इंच भी कब्जा नहीं रहने दिया जाएगा। सोमवार को नोडल अधिकारी आरएस बाठ सोहना पहुंचे तथा वार्ड 13 का निरीक्षण कर पर्यटन विभाग की भूमि पर अवैध रूप से निर्माण कर घर बनाकर रह रहे लोगों को अपने-अपने घरों का सामना निकाल लेने की हिदायत दी।
वार्ड नम्बर 13 में पर्यटन विभाग की भूमि में बसी अवैध कालोनियों का मामला मुख्यमंत्री के दरबार से लेकर अदालत तक पहुंचा था, लेकिन न अदालत से राहत मिली ओर न ही मुख्यमंत्री से सहायता मिल सकी। जिससे अब प्रशासन ने इस भूमि पर अवैध कब्जा हटाने की कवायद शुरू कर दी है।
भूमि की निशानदेही की जा चुकी है तथा मुनादी कर लोगों को सूचना दी गई है।सोहना कस्बे के वार्ड नम्बर 13 की पहाड़ कालोनी व पीर कालोनी की आबादी करीब चार हजार है। दोनों कालोनियों में करीब 60 वर्षों से लोग अपने परिवार के साथ रह रहे हैं।
क्या है मामला?
शहर के वार्ड नम्बर 13 में बसी पहाड़ कालोनी व पीर कालोनी में पर्यटन विभाग की भूमि में करीब 250 आशियाने निर्मित हैं। यह भूमि करीब साढ़े नौ एकड़ है। भूमि पर करीब 15 वर्षों से अदालती व प्रशासनिक जंग चल रही थी। लेकिन बीते महीनों पर्यटन विभाग ने अदालती जंग में जीत हासिल कर ली थी। तथा भूमि पर कब्जा लेने की कार्यवाही शुरू कर दी थी।

