भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, गुरुग्राम में 11-12 जून को तेज आंधी और बारिश का येलो अलर्ट

गुरुग्राम। साइबर सिटी में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 11 और 12 जून को तेज आंधी और वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। 9 और 10 जून को भी तेज हवाएं चलने, बादल छाने और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट आने के आसार हैं।

सोमवार को शहर में गर्मी का असर चरम पर रहा। सुबह से निकली तेज धूप और दिनभर चली गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही देखने को मिली और लोग जरूरी कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकले। गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।

एक दिन में 5.7 डिग्री बढ़ा न्यूनतम तापमान

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा था। इस प्रकार 24 घंटे के भीतर अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान में 5.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।

उमस और गर्म हवाओं ने बढ़ाई परेशानी

दिनभर चली गर्म हवाओं और बढ़ी हुई उमस के कारण लोगों को सामान्य से अधिक गर्मी महसूस हुई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अरब सागर से आने वाली नमी के कारण वातावरण में उमस बढ़ी हुई है। इसी वजह से तापमान अधिक महसूस हो रहा है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों में धूल भरी आंधी चल सकती है तथा कई स्थानों पर वर्षा होने के आसार हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top