गुरुग्राम में बेटी के साथ युवक को देखकर पीछा किया, वाहन की टक्कर से पिता की रीढ़ में फ्रैक्चर

गुरुग्राम। खेड़की दौला थाना क्षेत्र में बेटी का पीछा करते समय घायल हुए व्यक्ति के मामले में पुलिस जांच के बाद सड़क दुर्घटना का केस दर्ज किया गया है। प्रारंभिक शिकायत में व्यक्ति ने एक युवक पर जान से मारने की नीयत से वाहन टक्कर मारने का आरोप लगाया था, लेकिन जांच में हत्या के प्रयास की पुष्टि नहीं हुई।

जांच में हादसे की बात सामने आई

नवादा फतेहपुर निवासी पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो जून को उनकी बेटी ने उन्हें एमथ्रीएम क्षेत्र की लोकेशन भेजी थी। जब वह मौके पर पहुंचे तो बेटी वहां नहीं मिली। कुछ देर बाद उन्होंने देखा कि गांव का ही युवक एक सफेद स्कॉर्पियो में उनकी बेटी को लेकर जा रहा है।

क्या है पिता का आरोप?

आरोप है कि जब उन्होंने बाइक से स्कॉर्पियो का पीछा करके वाहन को रोकने का प्रयास किया तो आरोपित ने बाइक को टक्कर मार दी। घायल अवस्था में उन्हें मानेसर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर और नस दबने की बात सामने आई।

मामले की जांच के दौरान सामने आया कि घटना में जानबूझकर हत्या करने की मंशा साबित नहीं हुई। पुलिस के अनुसार मामला सड़क दुर्घटना का पाया गया। खेड़की दौला थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top