मानेसर में पेयजल संकट: लोगों की प्यास बुझाने के लिए लगेंगे 6 नए ट्यूबवेल, डिप्टी मेयर ने दिए निर्देश

मानेसर। मानेसर नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण यादव ने बुधवार को नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मानेसर गांव, आइएमटी चौक और आसपास के क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने गांव मानेसर में 6 नए ट्यूबवेल लगाने के निर्देश दिए।

प्रवीण यादव ने बताया कि गांव में जनसंख्या अधिक होने और भूमिगत जल स्तर कम होने के कारण पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। यहां करीब 70 से ज्यादा बोरवेल हैं, लेकिन जल स्तर में लगातार गिरावट के कारण ये पर्याप्त नहीं हैं।

अस्थाई राहत के लिए 6 नए ट्यूबवेल लगाए जाएंगे, जिनमें से 3 शमशान भूमि के पास और 3 आइएमटी चौक के पास स्थापित किए जाएंगे ताकि गांव के दोनों छोर पर पानी पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में पीने के पानी का स्थाई समाधान निकालने के लिए जीएमडीए से लगातार संपर्क किया जा रहा है। जीएमडीए से नहरी पानी की सप्लाई ली जाएगी। जब तक यह परियोजना पूरी नहीं होती, तब तक ट्यूबवेल से सप्लाई की जाएगी।

प्रवीण यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगम क्षेत्र में प्राकृतिक ढलान वाली जगहों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिट का निर्माण जल्द से जल्द किया जाए। इसके अलावा, खराब ट्यूबवेल को भी रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिट के तौर पर इस्तेमाल किया जाए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top