
अंबाला। शहर के जलबेड़ा रोड पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार कैंटर चालक ने आगे निकलने की जल्दबाजी में बाइक सवार तीन चेचेरे भाइयों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कैंटर के पहियों के नीचे आ गई और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआइ चंडीगढ़ सेक्टर- 32 रेफर कर दिया। घायलों की पहचान रत्नगढ़ निवासी हर्ष, आर्यन और मनप्रीत के रूप में हुई है।
आर्यन और मनप्रीत सगे भाई हैं। हादसे में तीनों की टांगों में कई फ्रैक्चर आए हैं, जबकि सिर में भी गंभीर चोटें लगी हैं। आरोपित चालक करीब तीन किलोमीटर दूर कैंटर छोड़कर फरार हो गया। कैंटर इन तीनों की टांगों पर चढ़ गया लिहाजा पूरी तरह से हड्डियां टूट चुकी थीं।
हंगरी हब जा रहे थे तीनों
अस्पताल में उपचाराधीन हर्ष ने बताया कि वह अपने भाइयों आर्यन और मनप्रीत के साथ बाइक पर सवार होकर तेजा मोहड़ी क्षेत्र से अंबाला शहर स्थित हंगरी हब की ओर जा रहे थे।
सुबह करीब नौ बजकर 50 मिनट पर जब वे जलबेड़ा रोड पर पहुंचे तो पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक को टक्कर मार दी।
राहगीरों ने बचाई जान
स्थानीय लोगों ने घायलों को खून से लथपथ हालत में बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कैंटर को कब्जे में ले लिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

