
लखनऊ। अलीगंज के सेक्टर डी स्थित इमारत में आग से 15 लोगों की मौत के बाद आज से प्रकरण की जांच शुरू हो रही है। जांच के लिए गठित एसआईटी आज घटनास्थल का निरीक्षण कर सकती है। माना जा रहा है कि एसआईटी निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी। इसे मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा। इसी आधार पर कार्रवाई होगी।
इस प्रकरण की जांच के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने भी एक समिति गठित की है। यह समिति भी आज पहुंच सकती है। सोमवार दोपहर हुई घटना के बाद देर रात तक मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही। सुरक्षा के मद्देनजर दमकल और पुलिस कर्मी भी तैनात रहे।

अलीगंज स्थित बिल्डिंग में लगी आग के बाद तीसरी मंजिल से बाहर निकालने के लिए रस्सी के सहारे कूदते युवा।
घटना में 15 लोगों के साथ ही कई कुत्ते और बिल्लियों की मौत हो गई थी
सेक्टर डी स्थित इमारत में सोमवार दोपहर आग लग गई थी। घटना में 15 लोगों के साथ ही कई कुत्ते और बिल्लियों की मौत हो गई। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण समेत जन प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था।

अलीगंज स्थित बिल्डिंग में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मी। हृदेश चंदेल
शासन स्तर से गठित हुई थी एसआईटी
प्रकरण की गहन जांच के लिए शासन स्तर से विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित की गई। मंगलवार को यह टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर सकती है। टीम कितने बजे पहुंचेगी फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है। एसआइटी जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

अलीगंज में बिल्डिंग में लगी आग।
पोस्टमार्टम हाउस पर इंतजार कर रहे स्वजन
उधर, घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस में देर रात तक मृतकों के स्वजन अपनों के शवों के इंतजार में जुटे रहे। बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। पीड़ितों ने घटना के आरोपितों पर कार्रवाई के साथ ही शहर के अन्य इलाकों में नियमों के विपरीत चल रही कोचिंग समेत अन्य संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

