
गुरुग्राम। प्रदेश सरकार ने 2 मार्च को वर्ष 2026-27 के बजट में घोषणा की थी कि गांव दौलताबाद के राजीव गांधी (आरजी) स्टेडियम को अपग्रेड करके अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्पेशल ओलिंपिक खिलाड़ियों के प्रशिक्षण का सेंटर बनाया जाएगा। अब गुरुग्राम मंडल के खेल उपनिदेशक गिर्राज सिंह का कहना है कि हाल में खेल निदेशक कार्यालय ने स्टेडियम की स्थिति पर रिपोर्ट मांगी थी।
वह रिपोर्ट बनाकर कर दे दी गई है।अब जैसे आदेश आएंगे, उसपर काम किया जाएगा। हालांकि करीब ढाई साल पहले स्टेडियम स्पेशल ओलिंपिक भारत स्पोर्ट्स को दे दिया गया था। उस समय कहा गया था कि यहां पर स्पेशल ओलिंपिक खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए राष्ट्रीय स्तर का सेंटर बनाया जाएगा लेकिन ऐसा संभव नहीं हो पाया।
दरअसल आज भी इस स्टेडियम की दुर्दशा बहुत ही खराब है। इस स्टेडियम में किसी भी खेल के प्रशिक्षण की सुविधा नहीं है। स्टेडियम की स्थिति देखकर समझा जा सकता है कि जो 15-16 साल पहले स्थिति थी वही आज है। चारदीवारी के अंदर ग्राउंड उबड़ खाबड़ हो रखा हैं और ऊंची घास, विलायती बबूल के पेड़ उगे हुए हैं। आज स्टेडियम की स्थिति ऐसी है कि देखकर वहां कुछ देर रूकना सही नहीं समझेगा।
स्टेडियम तक पहुंचने के लिए रास्ता नहीं
स्टेडियम तक जाने के लिए बेहतर रास्ता नहीं है। अगर वर्षा हो गई, तो पैदल जाने की छोड़िए, किसी गाड़ी में नहीं जाया जा सकता। क्योंकि ऐसे रास्ते नहीं है कि किसी वाहन से वहां पहुंचा जा सके। वर्षा के समय वाहन गया, तो क्रेन बुलानी पड़ेगी।
घोषणा इस स्टेडियम के लिए नहीं थी
हालांकि कोई अधिकारी इस संबंध में बोलने को तैयार नहीं है लेकिन सूत्रों का बताना है कि सरकार ने वह घोषणा फरीदाबाद में बन रहे राष्ट्रीय स्तर के पैरा स्पोट्र्स सेंटर के लिए की थी। गलती से नाम गुरुग्राम के गांव दौलताबाद राजीव गांधी स्टेडियम का लिया गया। बताया जा रहा है बाद में उच्च अधिकारियों के स्तर पर इस संबंध में चर्चा कर कागजी सुधार किया है।

