
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पचगांव के पास रोडरेज की घटना में कार सवार युवकों के दो गुटों आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर लात घूसे चले। सोमवार रात हाईवे की सर्विस लेन पर हो रही मारपीट की घटना की वहां से गुजर रहे लोगों ने मोबाइल से वीडिया बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। फिलहाल गुरुग्राम पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पचगांव के पास सर्विस लेन पर कुछ बाइक और कार सवार जा रहे थे। इसी दौरान पास देने को लेकर दो पक्षों में बहस हो गई। दोनों गुटों में शामिल आधा दर्जन लड़कों ने एक दूसरे पर हमला बोल दिया।
इंटरनेट मीडिया पर मंगलवार सुबह से प्रसारित हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे से मारपीट कर रहे हैं। एक लड़क पीछे से फावड़ा लेकर आया और उसने कार पर हमला किया। वहां से गुजर रहे लोगों ने घटना का वीडियो तो बनाया लेकिन बीच बचाव करने के लिए कोई आगे नहीं आया।
लोगों की सूचना पर ईआरवी पुलिस भी मौके पर पहुंची। हालांकि, इससे पहले ही दाेनों पक्षों के लोग वहां से फरार हो गए। गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई लिखित या मौखिक शिकायत नहीं मिली है। वीडियो के माध्यम से यह मामला संज्ञान में आया है।जल्द ही आरोपितों को पकड़ा जाएगा।

