
गुरुग्राम। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सोहना क्षेत्र में बुधवार रात करीब डेढ़ बजे एक बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से जयपुर जा रही एक निजी वोल्वो बस डिवाइडर से टकरा गई। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस की ईंधन टंकी फट गई और पूरा डीजल एक्सप्रेसवे पर फैल गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जबकि अधिकांश यात्री सुरक्षित रहे। बस के खराब हो जाने के कारण यात्रियों को लगभग दो घंटे तक सड़क पर खड़े रहना पड़ा। प्रशासन ने दूसरी बस का प्रबंध कर सभी यात्रियों को जयपुर रवाना किया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बस चालक की लापरवाही या नींद आने की आशंका जताई जा रही है। एक्सप्रेसवे पर डीजल फैलने के कारण सफाई अभियान चलाया गया।

