
गुरुग्राम। दिल्ली-एनसीआर के हजारों वाहन चालकों को 2 जुलाई से बड़ी राहत मिल सकती है। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड स्थित टोल प्लाजा पर टोल टैक्स वसूली की समयसीमा खत्म हो रही है। ऐसे में इस टोल प्लाजा का संचालन दो जुलाई से बंद किया जा सकता है।
बीते दिनों बंधवाड़ी में आयोजित महापंचायत में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने ये जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि बंधवाड़ी गांव में गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर स्थित टोल प्लाजा को खत्म किया जाएगा। इस कदम से रोजाना गुरुग्राम, फरीदाबाद और एनसीआर के अन्य इलाकों के हजारों लोगों को फायदा होगा।
उल्लेखनीय है कि 21 जून दिन रविवार को बंधवाड़ी टोल प्लाजा, पाली क्रेशर जोन और बल्लभगढ़-सोहना रोड के टोल टैक्स को हटाने की डिमांड को लेकर महापंचायत हुई थी। इसमें इलाके से बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। साथ ही लोक निर्माण विभाग के एसडीओ सुरेंद्र सिंह टोल कर्मचारियों के साथ इसमें शामिल हुए थे।
हापंचायत का आयोजन बंधवाड़ी टोल प्लाजा, पाली क्रेशर जोन और बल्लभगढ़-सोहना रोड पर स्थित पाखल टोल प्लाजा को हटाने की मांग को लेकर किया गया था। इस कार्यक्रम में गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नोएडा सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

