गुरुग्राम। कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी बुधवार दोपहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपनी पत्नी और नवजात बच्चियों से मिलने के लिए गुरुग्राम पहुंचा।
उसे दिल्ली की रोहिणी कोर्ट ने पत्नी और जुड़वा बच्चियों से मिलने के लिए चार घंटे की कस्टडी पैरोल दी है। उसे मानवीय आधार पर राहत दी गई। उसने डीएलएफ फेस तीन के नीलकंठ अस्पताल में पुलिस सुरक्षा में पत्नी और नवजात जुड़वां बच्चियों से मुलाकात की।

अनुराधा ने IVF के तहत जुड़वा बच्चियों को दिया जन्म
उसकी पत्नी अनुराधा चौधरी ने आईवीएफ प्रक्रिया के तहत जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया है। प्रसव के दौरान पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर सी-सेक्शन से डिलीवरी करानी पड़ी। काला जठेड़ी की याचिका पर कोर्ट ने पहले अस्पताल और मेडिकल रिकार्ड की जांच कराई थी।
इसके बाद जमानत दी गई है। काला जठेड़ी को दिल्ली पुलिस की टीम करीब 12 बजे लेकर गुरुग्राम पहुंची। इस दौरान अस्पताल के गेट पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के तैनाती की गई। गुरुग्राम पुलिस के जवान भी लगे हुए हैं।

काला जठेड़ी ने लेडी डॉन अनुराधा चौधरी से 12 मार्च 2024 को दिल्ली में शादी की थी। (फाइल फोटो)
लेडी डॉन अनुराधा चौधरी से की थी शादी
काला जठेड़ी सोनीपत जिले के जठेड़ी गांव का रहने वाला है। वह 12वीं पास है और पहले केबल ऑपरेटर का काम करता था। उसने पूर्व लेडी डॉन अनुराधा चौधरी से 12 मार्च 2024 को दिल्ली में शादी की थी।
30 से ज्यादा गंभीर अपराधों के मामले दर्ज
इसके लिए कोर्ट ने काला जठेड़ी को छह घंटे की कस्टडी पैरोल दी थी। उसके खिलाफ दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में हत्या, फिरौती, रंगदारी समेत 30 से अधिक गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं।

