
, गुरुग्राम। क्रेडिट कार्ड के रिवार्ड प्वाइंट रीडीम कराने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। साइबर पुलिस से गिरोह के छह आरोपितों को दिल्ली की अलग अलग जगहों से पकड़ा है।
बिल में रिवॉर्ड प्वाइंट बकाया समायोजित करने का झांसा
पुलिस ने गुरुग्राम के एक व्यक्ति की शिकायत पर यह कार्रवाई की। व्यक्ति ने पांच मार्च को शिकायत दी थी। बताया था कि आरोपित ने स्वयं को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताकर कॉल की तथा क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वाइंट बकाया बिल में समायोजित करके छूट दिलाने का झांसा देकर उसके साथ 83,305 की साइबर ठगी कर ली। इस शिकायत पर थाना साइबर पश्चिम में केस दर्ज किया गया। टीम ने अब मामले में छह लोगों को पकड़ा है।
आरोपितों की पहचान
- फरमान निवासी संगम विहार, पुष्पा भवन दिल्ली
- सत्य प्रकाश निवासी संगम विहार, हमदर्द नगर, पुष्पा भवन, थाना संगम विहार, दक्षिण दिल्ली
- नरेन्द्र सिंह निवासी संगम विहार, हमदर्द नगर, रतिया मार्ग, दिल्ली, उम्र 34 वर्ष
- अरविन्द कुमार निवासी सेवा नगर, कस्तूरबा नगर, लोदी रोड, नई दिल्ली, हाल निवासी लक्ष्मी बाई नगर, दिल्ली, उम्र 26 वर्ष
- विनोद निवासी संगम विहार, दिल्ली
- आसिफ निवासी ओखला फेज-2, ओखला इंडस्ट्रियल एरिया, सीएनजी पंप के पास, दिल्ली* के रूप में हुई है
- पुलिस टीम ने फरमान व सत्य प्रकाश को संगम विहार, दिल्ली से तथा नरेंद्र, अरविंद, विनोद व आसिफ को बुधवार को गोविंदपुर, दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच व पूछताछ में ज्ञात हुआ कि सत्यप्रकाश सिम जारी करने वाला पीओएस एजेंट है। आरोपी फरमान ने सत्यप्रकाश से अपने नाम (फरमान) से एक सिम जारी कराई और उस सिम को कमीशन लेकर सत्यप्रकाश को भेज दिया तथा आरोपी सत्यप्रकाश ने वह सिम अपने उपरोक्त साथियों को दे दी।
इसका प्रयोग करके आरोपी नरेंद्र, अरविंद, विनोद व आसिफ स्वयं को बैंक कर्मचारी बताकर लोगों को कॉल करके ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। पुलिस आरोपियों से इस मामले सहित अन्य साइबर धोखाधड़ी के मामलों में उनकी संलिप्तता के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है।

