मां की शादी से नाराज था 20 साल का बेटा, गुरुग्राम के पटौदी में कुदाल से काटकर सौतेले पिता की हत्या

पटौदी। पटौदी थाना क्षेत्र के सफेदाद नगर में मंगलवार रात एक युवक ने साेते समय सौतेले पिता की गले पर गैती (कुदाल) से वारकर हत्या कर दी।

वह अपनी मां की दूसरी शादी से खुश नहीं था। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

13 साल से रह रहे थे साथ 

मृत व्यक्ति की पहचान मूल रूप से बरेली जिले के हलासपुर गांव के रहने वाले 50 वर्षीय मनोज के रूप में की गई। बताया जाता है कि वह पूजा के साथ 13 साल से रह रहे थे।

इसके बाद उन्होंने उसके साथ विवाह कर लिया था। पूजा की यह दूसरी शादी थी। पूजा और उसके पहले पति से चार बच्चे थे। सबसे बड़ा लड़का शिवम करीब 20 साल का है। पहले यह सभी गांव में रहते थे।

तीन महीने पहले आए थे गुरुग्राम 

तीन महीने पहले मनोज और पूजा अपनी बेटी के साथ गुरुग्राम आ गए और पटौदी के सफेदाद नगर में किराये से रहकर श्रमिक का काम करने लगे। करीब एक सप्ताह पहले शिवम अपनी मां से मिलने आया था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिवम और मनोज के बीच संबंध सामान्य नहीं थे। इसी रंजिश के चलते मंगलवार रात घर के बाहर सो रहे मनोज पर आरोपित शिवम ने गैती से गले पर कई वार किए।

इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित गैती मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पटौदी थाना पुलिस ने पूजा की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top