नागपुर में बीच सड़क पर पुलिसकर्मी को बेरहमी से पीटा, गाड़ी भी तोड़ी; 14 आरोपी गिरफ्तार

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर एक साथ कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। पूरे मामले को ऐसे समझिए कि नागपुर में बीच सड़क पर सरेआम कुछ बदमाशों ने एक ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मी को कार से खींचकर बेरहमी से पीटा और उसकी कार में जमकर तोड़फोड़ की।

यह पूरी खौफनाक वारदात वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए अब तक 14 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

मामूली सी बात पर हुआ विवाद

बता दें कि यह घटना 28 जून की रात की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 35 वर्षीय एक पुलिसकर्मी अपनी निजी कार से एक महिला मित्र के साथ मानकापुर चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर गाड़ी पर एक मामूली सा स्क्रेच लगने को लेकर विवाद शुरू हो गया।

सीसीटीवी में कैद हुई हैवानियत

विवाद इतना बढ़ गया कि बाइक पर सवार करीब 7 से 8 युवकों ने पुलिसकर्मी की कार के आगे अपनी मोटरसाइकिलें अड़ाकर रास्ता रोक दिया। इसके बाद जो हुआ, उसने सबको झकझोर कर रख दिया। पहले बदमाशों ने पुलिसकर्मी को गाली देते हुए जबरन कार से बाहर खींच लिया। उन्हें घसीटते हुए सड़क के दूसरी पार ले गए और लात-घूंसों की बरसात कर दी।

सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि घायल पुलिसकर्मी जब सड़क पर बैठ गया, तब भी एक हमलावर ने बेरहमी से उनके चेहरे पर लात मारी। इसके बाद बदमाशों ने उनकी कार पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए और अपनी बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए।

पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती

इस हमले में पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सबूतों के आधार पर जांच शुरू की और हमला करने वाले 14 आरोपियों को धर-दबोचा।

गौरतलब है कि इस मारपीट मामले में पकड़े गए आरोपियों की पहचान हर्ष पवार, गौरव धिरडे, संयम गणेशपुरी, यश प्रतेकी, सत्यम शिर्के, प्रेमराज ढाकते, आकाश बोकाड़े, नितिन गोखले, विक्की तेलघारे, भूमि देव उर्फ सागर बोकड़े, गणेश उइके, प्रीतम मोडेकर और टीकाराम बारापात्रे के रूप में हुई है। 

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top