बॉलीवुड एक्टर के घर गरजा बुलडोजर; गुरुग्राम में अवैध कब्जे पर 13 दिन बाद फिर बड़ा एक्शन

नया गुरुग्राम। करीब दो सप्ताह के अंतराल के बाद जिला नगर योजनाकार एन्फ़ोर्समेंट (डीटीपीई) की टीम ने शुक्रवार को डीएलएफ फेज-तीन में रेस्टोरेशन एवं सीलिंग अभियान दोबारा शुरू कर दिया। इसमें फिल्म अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह के घर के बाहर भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई हुई।

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेशों की पालना में एस-ब्लॉक में चले इस अभियान के दौरान स्टिल्ट पार्किंग में किए गए अवैध निर्माणों को छोटे जेसीबी से ध्वस्त किया गया, दो बड़े पीजी भवनों को सील किया गया तथा करीब 30 मकानों के बाहर राइट आफ वे (आरओडब्ल्यू) पर किए गए अतिक्रमण भी हटाए गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल और जिला प्रशासन की टीम भी मौजूद रही।

डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में उन भवनों को प्राथमिकता दी गई, जहां स्वीकृत भवन योजना के विपरीत स्टिल्ट पार्किंग को कमरों, ड्राइंग रूम, स्टोर और अन्य उपयोग में बदल दिया गया था। घर का इस्तेमाल व्यावसायिक कार्य के लिए किया जा रहा था। विभाग ने इन भवनों को मूल स्वीकृत नक्शे के अनुरूप बहाल करने के लिए अवैध हिस्सों को ध्वस्त कराया।

छत पर बनाए गए दो लीजर रूम को भी सील कर दिया गया

कार्रवाई के दौरान एस-18/18 स्थित भवन में स्टिल्ट पार्किंग में बनाया गया अवैध ड्राइंग रूम छोटे जेसीबी से तोड़ा गया। इसी भवन में बने छह सर्वेंट रूम और छत पर बनाए गए दो लीजर रूम को भी सील कर दिया गया। एस-18/19 स्थित भवन में स्टिल्ट पार्किंग में बने अवैध ड्राइंग रूम, पीछे के सेटबैक को कवर कर किए गए निर्माण तथा स्टिल्ट में बनाए गए दो स्टोर रूम पर कार्रवाई की गई।

वहीं सिरिस रोड-16 स्थित भवन में स्टिल्ट पार्किंग में बनाए गए दो कमरे, 4 घरेलु सहायक कमरे, बाथरूम और पीछे के कवर हिस्से को पूरी तरह ध्वस्त कर भवन को स्वीकृत नक्शे के अनुरूप बहाल कराया गया। एस-18/1 स्थित भवन में संचालित 26 कमरों वाले पीजी को पूरी तरह सील कर दिया गया। इसके अलावा एस-19/14 स्थित स्टिल्ट प्लस चार मंजिला भवन में प्रत्येक मंजिल पर संचालित छह-छह कमरों वाले पीजी सहित पूरी इमारत को सील कर दिया गया।

30 मकानों के बाहर हटाया अतिक्रमण

अभियान के दौरान टीम ने करीब 30 मकानों के बाहर राइट आफ वे (आरओडब्ल्यू) पर किए गए अतिक्रमण भी हटाए। सार्वजनिक भूमि पर बनाए गए गार्डन, गार्ड रूम, लोहे की ग्रिल, चबूतरे, गमले, सजावटी संरचनाएं तथा अन्य स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण हटाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

फिल्म अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह के घर के बाहर भी हटाया गया अतिक्रमण

फिल्म अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह का घर पिछले करीब 40 वर्षों से डीएलएफ फेज-तीन के एस ब्लाक में है और वर्तमान में वह भी यहीं रह रहे हैं। शुक्रवार को चले अभियान के दौरान उनके आवास के बाहर राइट आफ वे (आरओडब्ल्यू) क्षेत्र में किया गया मामूली अतिक्रमण भी हटाया गया। टीम ने सड़क किनारे पेड़-पौधों के लिए बनाई गई छोटी क्यारी तथा उसके लिए कराए गए ईंटों के छोटे निर्माण को हटाया।

उच्च न्यायालय के आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। स्टिल्ट पार्किंग पर अवैध कब्जे, स्वीकृत भवन योजना के विपरीत निर्माण, राइट आफ वे पर अतिक्रमण तथा रिहायशी क्षेत्रों में नियमों के विरुद्ध संचालित गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। मामले की अगली सुनवाई छह जुलाई को होनी है, जिसके लिए विभाग अदालत में कार्रवाई की स्टेटस रिपोर्ट भी प्रस्तुत करेगा। – अमित माधोलिया, डीटीपीई, टाउन प्लानिंग

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top