
गुरुग्राम। मानेसर में 21 मई को पत्नी मधु की गोली मारकर हत्या करने वाला आरोपित पति अंकित पूछताछ के दौरान पुलिस को गुमराह कर रहा है। अभी पुलिस को वह पिस्टल नहीं मिल पाई है, जिससे हत्या की गई थी। उसने पहले मानेसर इलाके में पिस्टल फेंकने की जानकारी दी, लेकिन वहां नहीं मिली।
पति ने क्राइम ब्रांच को किया गुमराह
पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद जब वह हरिद्वार भागा तो उसने वहीं कहीं सूनसान जगह या गंगा नदी में पिस्टल फेंक दी। मानेसर क्राइम ब्रांच अब पिस्टल की बरामदगी के लिए आरोपित को हरिद्वार और ऋषिकेश ले जाएगी।
मधु की हत्या कर रजनी के रूम में छिपाई लाश
मानेसर निवासी अंकित ने घरवालों के दबाव और दहेज के लालच में फरवरी में मधु से शादी की थी। वह तीन साल से एक अन्य महिला के साथ रिलेशनशिप में था। महिला की एक बच्ची भी है। अपने से 13 साल बड़ी प्रेमिका रजनी देवी के साथ रहने के लिए उसने पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रची थी।
उसने पत्नी मधु की हत्या की और शव को मानेसर बस स्टैंड के पास रजनी के रूम में छिपा दिया था। इसके बाद अंकित और रजनी देवी दोनों हरिद्वार फरार हो गए थे। कुछ दिन हरिद्वार में रहने के बाद नेपाल गए। यहां से वापस फिर ऋषिकेश में आकर रहने लगे। यहां उसने पुलिस से बचने के लिए जटाएं लगाकर अपना हुलिया बदला।
पुलिस ने तकनीकी आधार पर जानकारी जुटाकर दोनों को पांच जुलाई को ऋषिकेश से पकड़ा था। दोनों रिमांड पर हैं और इनसे पिस्टल के बारे में पूछताछ की जा रही है। मानेसर क्राइम ब्रांच सूत्रों के अनुसार पुलिस टीम आरोपित को हरिद्वार, ऋषिकेश व आसपास के अन्य जगहों पर लेकर जाएगी। पिस्टल बरामद होने के बाद बैलेस्टिक जांच के लिए उसे मधुबन लैब भेजा जाएगा। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।

