गुरुग्राम में टोल वसूली के खिलाफ पंचायत ने भरी हुंकार, आंदोलन की दी चेतावनी

 सोहना (गुरुग्राम)। गुरुग्राम में गुरुग्राम-फरीदाबाद एवं सोहना-बल्लभगढ़ मार्ग पर अवधि समाप्त होने के बाद भी की जा रही टोल वसूली के विरुद्ध रविवार को बंधवाड़ी टोल प्लाजा के नजदीक पंचायत आयोजित की गई। इसमें शामिल लोगों ने अवैध तरीके से वसूल रहे टोल पर गहरी नाराजगी जताई।

पंचायत में 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। इसमें 11 सदस्य गुरुग्राम जिले से एवं 11 सदस्य फरीदाबाद जिले के शामिल होंगे। पूर्व मंत्री व विधायक आफताब अहमद के नेतृत्व में कमेटी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलेगी और टोल हटाने को लेकर मांग करेगी।

10 किलोमीटर के दायरे में चारों ओर टोल

रविवार को डॉ. चंदर प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित पंचायत में सामाजिक कार्यकर्ता सतबीर पहलवान ने कहा कि शर्म की बात है कि सोहना के 10 किलोमीटर के दायरे में चारों ओर टोल लगा रखे हैं।

अवधि समाप्त होने के बाद टोल वसूलना आम आदमी के साथ अन्याय है। अगर सरकार ने टोल नहीं हटाए तो बड़ा आंदोलन होगा। सर्वसम्मति से जो निर्णय लिया गया है, उसका सम्मान होगा। मुख्यमंत्री से एक प्रतिनिधिमंडल मिलेगा।

चालकों से की जा रही वसूली

प्रदीप जेलदार ने कहा की इस टोल नाका की समय अवधि समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद इस रोड पर वाहन चालकों से टोल वसूली की जा रही है। सोहना-बल्लभगढ़ एलिवेटेड रोड की 28 किलोमीटर की लंबाई में दो टोल नाके बने हैं।

एक टोल नाका सोहना के निकटवर्ती गांव नूनेरा में और दूसरा फरीदाबाद के गांव पाली के पास लगा हुआ है। पंचायत में विधायक आफताब अहमद, मेहरचंद दायमा, महेश दायमा, रोहतास चौधरी, मनोज बंधवाड़ी, कुलदीप कटारिया, रोहतास खटाना उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top