
गुरुग्राम। एक तरफ स्टूडियो में माइक, दूसरी तरफ पिस्टल। हरियाणवी गानों के हिट प्रोड्यूसर से लेकर विदेश में बैठे गैंगस्टर तक का सफर दीपक नांदल की कहानी है।
गुरुग्राम में गुरुवार रात हुए एनकाउंटर में चार शूटरों के ढेर होते ही एक बार फिर दीपक नांदल का नाम सुर्खियों में है। हरियाणा पुलिस की मोस्टवांटेड लिस्ट में शामिल नांदल पर अब रंगदारी से लेकर कॉन्ट्रैक्ट किलिंग तक के आरोप हैं।

म्यूजिक से मिली पहचान
दीपक नांदल मूल रूप से रोहतक का रहने वाला है। इसकी उम्र करीब 39 साल है। 2010 के शुरुआती दौर में वो हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-माना चेहरा था। उसने मिक्स बीट्स नाम का म्यूजिक लेबल शुरू किया था।

नांदल ने बादशाह और राहुल फाजिलपुरिया जैसे बड़े कलाकारों के साथ काम किया। कर गई चुल, टू मेनी गर्ल्स, हरियाणा रोडवेज जैसे सुपरहिट गानों में उसका नाम प्रोड्यूसर के तौर पर आया।
क्राइम की दुनिया में एंट्री
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नांदल का पहला केस 2009 में दर्ज हुआ था। आरोप था गुरुग्राम सदर बाजार में अटेम्प्ट टू मर्डर का। हालांकि, बाद में वो इस केस में बरी हो गया।
इसी दौरान उसकी संगठित गैंगों से नजदीकियां बढ़ीं। धीरे-धीरे वो म्यूजिक से दूर होता गया और रंगदारी, हथियार और गैंगवार की दुनिया में उतर गया।
विदेश से चल रहा गैंग
केस बढ़ते ही नांदल देश छोड़कर चला गया। जांच एजेंसियों के अनुसार पहले वो दुबई गया और फिर यूके में ठिकाना बना लिया। इस समय उसके दुबई में होने की जानकारी है।
आज वहीं बैठकर वह इंटरनेट मीडिया, इंटरनेट कॉल और अपने गुर्गों के जरिए हरियाणा और आसपास के राज्यों में गैंग ऑपरेट करता है। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी के कई मामले दर्ज हैं।
गुरुग्राम एनकाउंटर से बड़ा झटका
गुरुवार रात सुशांत लोक एक में नांदल गैंग के पांच शूटर रंगदारी वसूलने आए थे। पुलिस से मुठभेड़ में 4 मारे गए और 1 घायल है। पुलिस इसे नांदल नेटवर्क पर बड़ी चोट मान रही है।

