गुरुग्राम के इतिहास में पहली बार एक मुठभेड़ में 4 शूटर हुए ढेर, पुलिस का बड़ा एक्शन

 गुरुग्राम। रात करीब 11 बजे। सुशांत लोक फेज एक के ए ब्लाक की सड़कों पर सन्नाटा। अचानक रुकती है एक स्कार्पियो। दरवाजे खुलते हैं और हाथों में हथियार लिए पांच लोग उतरते हैं। निशाना – बिजनेसमैन विशाल बेरी का घर। घर के अंदर और आसपास सादी वर्दी में तैनात पुलिस की नजरें टिकी थीं। अगले ही पल गोलियों की तड़तड़ाहट… और शुरू हुआ वो एक्शन जो किसी फिल्म से कम नहीं था…।

गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच और दीपक नांदल गैंग के शूटरों के बीच गुरुवार रात सुशांत लोक फेस ए ब्लाक में भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई।

इस मुठभेड़ में चार शूटर मारे गए, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। फायरिंग में गुरुग्राम पुलिस के तीन जवान भी घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गुरुग्राम के इतिहास में शायद यह पहली बार हुआ है जब एक ही मुठभेड़ में चार अपराधियों को मार गिराया गया हो।

1995 से अब तक गुरुग्राम में गैंगवार और एनकाउंटर होते रहे हैं, लेकिन उसमें या तो 1-2 बदमाश मारे गए या फिर आपसी गैंगवार में मौतें हुईं। एक साथ चार शूटरों का ढेर होना पुलिस के लिए भी अभूतपूर्व है। सेवानिवृत्त एडीजीपी रेशम पाल सिंह का भी मानना है कि 1990 के बाद से ऐसा गुरुग्राम या हरियाणा में सामने नहीं आया कि चार लोगों का एनकाउंटर एक साथ हुआ हो।

एक हफ्ते से आ रही थी धमकी, घर पर थी पुलिस की नजर

पुलिस के अनुसार विदेश में बैठे गैंग्सटर दीपक नांदल ने विशाल बेरी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। पिछले एक हफ्ते से लगातार धमकी भरे मैसेज आ रहे थे। खतरे को देखते हुए विशाल बेरी के घर के अंदर और आसपास सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया था।

घर के बाहर ही सीमेंट की बाेरियां रखकर सुरक्षा दीवार बनाई गई थी। पुलिस की मुस्तैदी का ही नतीजा रहा कि आरोपितों को मुठभेड़ में मार गिराया गया। गुरुवार रात एनकाउंटर के दौरान का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इसमें दिख रहा है कि दो लोग आधुनिक हथियारों से लैस गली में घूम रहे हैं। इन्हें सादी वर्दी में तैनात पुलिसकर्मी बताया गया है।

देश के प्रमुख चार लोगों वाले एनकाउंटर

06 दिसंबर 2019 हैदराबाद, तेलंगाना

शादनगर एनकाउंटर

घटना: तेलंगाना पुलिस ने रेप और हत्या के चार आरोपियों को शादनगर के पास एनकाउंटर में मार गिराया।

पुलिस दावा: आरोपित भागने की कोशिश कर रहे थे और पुलिस पर हमला किया।

23 अक्टूबर 2025 रोहिणी, दिल्ली

सिग्मा गैंग एनकाउंटर

घटना: दिल्ली क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस ने सिग्मा गैंग के चार सदस्यों को ढेर किया।

आरोपी: रंजन पाठक, बिमलेश मेहतो, मनीष पाठक, अमन ठाकुर

विवरण: बिहार के मोस्ट वांटेड अपराधी। चुनाव से पहले साजिश रच रहे थे।

पुलिस के लिए लगातार चुनौती बनता जा रहा विदेश में बैठा गैंग्सटर दीपक नांदल

विदेश से बैठकर दीपक नांदल लगातार गुरुग्राम समेत हरियाणा के अलग-अलग जिलों में वारदात को अंजाम दिला रहा है। वह अपने गैंग में हरियाणा के उन नौजवान लड़कों को भर्ती कर रहा है, जो इंटरनेट मीडिया पर किसी तरह उससे जुड़े हुए हैं।

गुरुवार रात भी जो पांच शूटर गुरुग्राम में वारदात को अंजाम देने आए थे, उनमें भी सभी की उम्र 17 से 25 साल के बीच थी। गिरोह लगातार पुलिस के लिए चुनौती बन रहा है। पिछले एक साल में गैंग्सटर ने गुरुग्राम में करीब एक दर्जन वारदात की हैं।

हालांकि, सभी मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की है, लेकिन दीपक नांदल के गले तक गुरुग्राम पुलिस के हाथ अभी नहीं पहुंच पाए हैं। गुरुग्राम में दीपक नांदल गिरोह द्वारा वारदातों का सिलसिला पिछले साल जुलाई से शुरू हुआ था, जो अब तक चल रहा है।

पिछले साल जुलाई में गायक राहुल फाजिलपुरिया पर भी जानलेवा हमला किया गया था। एसपीआर रोड पर दो बदमाशों ने उनकी थार गाड़ी पर फायरिंग की थी। इसके 20 दिन बाद ही फाजिलपुरिया के फाइनेंसर रोहित शौकीन की भी गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी।

यह घटना भी एसपीआर रोड पर हुई थी। इसके बाद गुरुग्राम के सेक्टर 45 में एक बिल्डर के यहां भी फायरिंग कराई गई थीं, इसमें भी नांदल गिरोह का नाम सामने आया था। अभी दो मई को ही सेक्टर 40 थाना क्षेत्र के कन्हई गांव में बाइक सवार बदमाशों ने गायक राहुल फाजिलपुरिया के आर्गेनाइजर के घर के बाहर फायरिंग की थी।

यह फायरिंग भी दीपक नांदल गिरोह ने कराई थी। चार राउंड फायरिंग में दो गोली घर के बाद सुरक्षा में तैनात सिपाही को लगी थीं। हालांकि, इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने मुठभेड़ में एक अपराधी को ढेर कर दिया था। इसके अलावा भी गिरोह ने कई वारदातों को अंजाम दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top