गुरुग्राम में बंधवाड़ी लैंडफिल पर ताजा कचरा डालने पर रोक, नगर निगम ने देखी 6 नई लोकेशन

गुरुग्राम। बंधवाड़ी लैंडफिल पर ताजा कचरा डालने पर लगी रोक के बाद गुरुग्राम नगर निगम ने नए कूड़ा निस्तारण स्थल की तलाश तेज कर दी है।

निगम अधिकारियों ने गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र के अलावा सोहना और मानेसर क्षेत्र में कुल छह संभावित लोकेशन चिह्नित की हैं। हालांकि अभी किसी स्थान पर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। निगम एक या एक से अधिक स्थानों को अंतिम रूप दे सकता है।

खास बात यह है कि नई जगह तय करना निगम के लिए आसान नहीं होगा। जिन क्षेत्रों में संभावित स्थल चिह्नित किए गए हैं, वहां की पंचायतें और स्थानीय निवासी पहले ही विरोध जता चुके हैं। ऐसे में निगम को पर्यावरणीय नियमों के साथ स्थानीय सहमति भी बनानी होगी।

वहीं, दूसरी ओर, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने बंधवाड़ी में ताजा कूड़ा डालने पर रोक लगाते हुए पुराने कचरे के निस्तारण की समयसीमा और विस्तृत कार्ययोजना भी मांगी है।

18.07 लाख मीट्रिक टन कचरा अभी भी शेष

नगर निगम आयुक्त की ओर से दाखिल 6 जुलाई 2026 की स्टेटस रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2023 में बंधवाड़ी लैंडफिल पर 30.43 लाख मीट्रिक टन लेगेसी वेस्ट था। नए कचरे को जोड़ने के बाद कुल मात्रा 56.48 लाख मीट्रिक टन हो गई। इनमें से 38.40 लाख मीट्रिक टन कचरे का प्रसंस्करण किया जा चुका है, जबकि 30 जून 2026 तक लगभग 18.07 लाख मीट्रिक टन कचरा शेष है।

दो एजेंसियों को सौंपा गया निस्तारण कार्य

नगर निगम ने 30 जनवरी 2026 को मैसर्स दया चरण एंड कंपनी और मैसर्स एमकेजी ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड को 14 लाख मीट्रिक टन लेगेसी वेस्ट के निस्तारण का कार्य सौंपा है। दोनों एजेंसियों को सात-सात लाख मीट्रिक टन कचरे के निस्तारण का लक्ष्य दिया गया है, जिसे 14 फरवरी 2027 तक पूरा करना है। अब तक दोनों एजेंसियां लगभग 2.12 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण कर चुकी हैं।

एनजीटी ने चार सप्ताह में मांगा हलफनामा

सुनवाई के दौरान नगर निगम ने बताया कि बंधवाड़ी लैंडफिल पर प्रतिदिन लगभग 1,500 मीट्रिक टन नया कचरा पहुंच रहा है। इस पर एनजीटी ने चार सप्ताह के भीतर हलफनामा दाखिल कर यह बताने के निर्देश दिए हैं कि ताजा कचरे की डंपिंग कब और कैसे बंद होगी, बचे हुए लीगेसी वेस्ट और नए कचरे के निस्तारण की क्या योजना है, स्रोत पर कचरे के पृथक्करण की स्थिति क्या है तथा बाउंड्री वाल और लीचेट प्रबंधन के लिए क्या कदम उठाए गए हैं।

अधिकरण ने मानसून के दौरान लीचेट को लैंडफिल से बाहर नहीं जाने देने के भी सख्त निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 19 अगस्त 2026 को होगी।

6 नई संभावित लोकेशन पर निगम कर रहा है विचार

  • 1,500 मीट्रिक टन ताजा कचरा प्रतिदिन बंधवाड़ी पहुंच रहा है।
  • 56.48 लाख मीट्रिक टन कुल कचरे में से 18.07 लाख मीट्रिक टन अभी शेष।
  • 14 लाख मीट्रिक टन लीगेसी वेस्ट के निस्तारण का ठेका दो एजेंसियों को।
  • 19 अगस्त 2026 को एनजीटी में मामले की अगली सुनवाई होगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top