
नया गुरुग्राम। नया गुरुग्राम में डीएलएफ इलाके में अवैध निर्माणों के विरुद्ध डीटीपीई की कार्रवाई एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रही है।
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग का डीटीपी एन्फोर्समेंट विंग अब डीएलएफ फेज-चार से सीलिंग और तोड़फोड़ अभियान का अगला चरण शुरू करने की तैयारी में है।
डीएलएफ क्षेत्र में चिंता का माहौल
विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है। प्रभावित भवनों में रह रहे किरायेदारों और पीजी संचालकों तक भी कार्रवाई की सूचना पहुंचाई जा रही है। इसे लेकर पूरे डीएलएफ क्षेत्र में चिंता का माहौल हैं।
गौरतलब है कि जून में डीएलएफ फेज-तीन में बड़े स्तर पर सीलिंग और तोड़फोड़ अभियान चलाया गया था। अब विभाग उसी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए फेज-4 से अगले चरण की शुरुआत करेगा।
इसके बाद अन्य फेज में भी चरणबद्ध तरीके से अभियान जारी रहने की संभावना है। इसकी वजह से किराये पर रहने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही हैं।
व्यावसायिक गतिविधि और अवैध निर्माण रहेंगे कार्रवाई के दायरे में
विभाग की कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेशों के अनुरूप होगी। इसके तहत अवैध निर्माण, स्टिल्ट एरिया में किए गए अवैध निर्माण, नियमों के विपरीत संचालित आवासीय भवनों में चल रही अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की ओर से संबंधित भवनों के किरायेदारों और संचालकों को भी स्थिति से अवगत कराया जा रहा है ताकि कार्रवाई के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो।

