
गुरुग्राम। सेक्टर 56 थाना क्षेत्र में रविवार को हत्या के बाद आत्महत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां एक इंजीनियर युवक ने पहले अपनी प्रेमिका की चाकू से गला काटकर हत्या की, फिर गढ़ी रेलवे स्टेशन के पास जाकर ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। अभी हत्या का कारण सामने नहीं आ पाया है। सेक्टर 56 थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृत युवक की पहचान 25 वर्षीय श्रेष्ठ मलिक के रूप में हुई है। वह मूल रूप से छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर की विश्व बैंक कालोनी का रहने वाला था। गुरुग्राम में वह आप्टम कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर था और पिछले एक साल से नौकरी कर रहा था।
श्रेष्ठ सेक्टर 55 स्थित एक चार मंजिला मकान के चौथे फ्लोर पर अपार्टमेंट लेकर अकेले रहता था। दूसरी ओर मृत युवती इशारा अयूबी भी 25 वर्ष की थीं। वह सीतापुर जिले के शेख सराय मोहल्ले की रहने वाली थीं और श्रेष्ठ के साथ एक ही कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर काम करती थीं।
पुलिस के अनुसार आसपास के लोगों और कुछ दोस्तों से प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि इशारा और श्रेष्ठ का कुछ महीनों से रिलेशनशिप में थे। इशारा पहले सेक्टर 57 स्थित एक पीजी में रहती थीं, लेकिन तीन दिन पहले ही वह लिव-इन में रहने के लिए श्रेष्ठ के अपार्टमेंट में सामान के साथ आ गई थीं।
शनिवार से बंद था युवती का फोन
शनिवार से इशारा का फोन बंद था। स्वजन को अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर श्रेष्ठ के अपार्टमेंट पर पहुंची। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो बेड पर इशारा की लहूलुहान लाश पड़ी थी। युवती के गले पर धारदार हथियार के निशान थे। कमरे में खून बिखरा हुआ था। पुलिस ने मौके से खून से सना हुआ चाकू भी बरामद किया।
जीआरपी की सूचना पर पहुंचे श्रेष्ठ के परिवारवाले
इधर शनिवार शाम गढ़ी हरसरु से दो किलोमीटर पहले रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव दो हिस्सों में कटा हुआ पाया गया। जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर उसकी पहचान श्रेष्ठ के रूप में की और परिवार को सूचना दी। पिता दीपक मलिक अपने दूसरे बेटे के साथ गुरुग्राम पहुंचे और दोपहर करीब तीन बजे पोस्टमार्टम के बाद जब वह घर जाने की तैयारी कर रहे थे, उसी दौरान उन्हें सेक्टर 56 थाना पुलिस की तरफ से थाने बुलाया गया।
तब तक उन्हें युवती की हत्या के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्हें सीधे श्रेष्ठ के अपार्टमेंट में आने के लिए कहा गया। यहां उन्हें युवती की हत्या के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही दोनों के रिश्ते के बारे में भी पूछताछ की गई, लेकिन पिता ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
पुलिस फोन चैट और कॉल डिटेल से खंगालेगी वजह
सेक्टर 56 थाना पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला कि दोनों पिछले कुछ समय से रिलेशनशिप में थे। तीन दिन पहले इशारा के अपार्टमेंट में शिफ्ट होने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। पुलिस अब कंपनी में दोनों के व्यवहार, दोस्तों और सहकर्मियों से पूछताछ करेगी। साथ ही दोनों के मोबाइल की कॉल डिटेल, वॉट्सएप चैट और इंटरनेट मीडिया खंगालकर हत्या और आत्महत्या की असली वजह सामने लाने की कोशिश की जाएगी। अपार्टमेंट में रहने वाले अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

