
नया गुरुग्राम। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) गुरुग्राम ने शांति निकेतन को-आपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सोसायटी (एसजीएचएस) से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ जुलाई को दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद में आठ ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई सोसायटी के तत्कालीन अध्यक्ष मंगल सेन मित्तल, कारोबारी अनिल शर्मा और उनके सहयोगियों के आवास एवं व्यावसायिक परिसरों पर की गई।
ईडी ने यह जांच गुरुग्राम के सुशांत लोक थाना में दर्ज एफआइआर के आधार पर शुरू की। आरोप है कि मंगल सैनी मित्तल, अनिल शर्मा, अरुण शर्मा और अन्य लोगों ने मिलकर शांति निकेतन को-आपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सोसायटी के सदस्यों के साथ धोखाधड़ी की।
बड़ी रकम लेने के बाद हाउसिंग प्रोजेक्ट को अधूरा छोड़ दिया गया
जांच में सामने आया कि सोसायटी के तत्कालीन अध्यक्ष मंगल सेन मित्तल ने एम/एस कानोसियर इंफ्राबिल्ड प्राइवेट लिमिटेड (सीआइपीएल) के निदेशक अनिल शर्मा और अरुण शर्मा के साथ मिलकर सोसायटी पर अवैध रूप से नियंत्रण कर लिया। इसके बाद सदस्यों के पैसे का दुरुपयोग किया गया, फर्जी सदस्य बनाए गए, जरूरी रिकॉर्ड छिपाए गए और बड़ी रकम लेने के बाद हाउसिंग प्रोजेक्ट को अधूरा छोड़ दिया गया।
ईडी के अनुसार, सोसायटी में 98 सदस्य बनाने की अनुमति थी, लेकिन आरोपियों ने नियमों के विरुद्ध 34 अतिरिक्त सदस्यताएं बेच दीं। फ्लैट 3,500 से 4,000 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से बेचे गए। इसके लिए बैंक खातों के साथ-साथ नकद में भी रकम ली गई। जांच में अब तक करीब 90.50 करोड़ रुपये की वसूली का पता चला है।
सोसायटी का पैसा आरोपियों की अन्य कंपनियों में भेजा गया
इसमें बैंक के माध्यम से और नकद दोनों तरह से ली गई रकम शामिल है। ईडी का कहना है कि सोसायटी का पैसा आरोपियों की अन्य कंपनियों में भेजा गया और बैंक खातों के जरिए इन पैसों को अलग-अलग खातों में घुमाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि करीब 12 करोड़ रुपये नकद एम/एस कानोसियर इंफ्राबिल्ड प्राइवेट लिमिटेड और अनिल शर्मा के खातों में जमा किए गए।
छापेमारी के दौरान ईडी ने डिजिटल उपकरण, अहम दस्तावेज, संपत्ति से जुड़े कागजात, ऑडिट रिपोर्ट, टैली डेटा और फंड के कथित दुरुपयोग से जुड़े रिकार्ड जब्त किए हैं। ईडी ने कार्रवाई के दौरान कुल 6.63 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसमें 55 लाख रुपये नकद, 1.85 करोड़ रुपये की सोने की बिस्किट (गोल्ड बुलियन), 1.95 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण और करीब 100 किलोग्राम चांदी, जिसकी कीमत लगभग 2.28 करोड़ रुपये है, शामिल है।
इसके अलावा आरोपियों के कई बैंक खाते भी फ्रीज किए गए हैं। ईडी की मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

