
नया गुरुग्राम। सेक्टर-50 स्थित फ्रेस्को के 206 फ्लैट मालिकों का करीब एक दशक लंबा इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने प्रोजेक्ट के चार टावरों का ओक्यूपशन सर्टिफिकेट यूनिटेक लिमिटेड को जारी कर दिया है। इससे इन टावरों में रहने वाले परिवारों के फ्लैटों की रजिस्ट्री का रास्ता साफ हो गया है और जल्द ही उन्हें कानूनी रूप से मालिकाना हक मिल सकेगा।
यूनिटेक लिमिटेड को 16.93 एकड़ क्षेत्र में फ्रेस्को परियोजना विकसित करने का लाइसेंस मिला था। परियोजना के टावर नंबर 1 से 12 तक का ओसी पहले ही जारी हो चुका था, जबकि टावर नंबर 14, 15, 16 और 17 लंबे समय से इस प्रक्रिया से बाहर थे। वर्ष 2016 से इन टावरों में परिवार रह रहे थे, लेकिन कब्जा ओसी नहीं होने के कारण फ्लैटों की रजिस्ट्री नहीं हो पा रही थी।
ऐसे में निवासी न तो अपने फ्लैट पर बैंक से ऋण ले सकते थे और न ही उन्हें बेच सकते थे। अब टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग द्वारा चारों टावरों का ओसी जारी किए जाने के बाद यूनिटेक लिमिटेड संबंधित फ्लैटों की रजिस्ट्री कर सकेगी। इस निर्णय से 206 परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
टावर नंबर 14 और 17 में 18 मंजिलों वाले 102 फ्लैट हैं, जबकि टावर नंबर 15 और 16 में 17 मंजिलों में कुल 98 फ्लैट बनाए गए हैं। पूरी परियोजना में करीब 850 फ्लैट हैं। यूनिटेक लिमिटेड की तरफ से वाईस प्रेजिडेंट अमिताभ दास ने इस कार्य को करने के लिए विभाग के साथ समन्वय करने में अहम भूमिका निभाई।
फ्रेस्को आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष निलेश टंडन ने कहा कि आरडब्ल्यूए ने इस मुद्दे को लगातार अधिकारियों के समक्ष उठाया, जिसके बाद अब समाधान संभव हो पाया है।

