
गुरुग्राम। शराब के नशे में तेज रफ्तार थार चलाने वाले चालक ने शुक्रवार सुबह सोहना चौक के पास बलेनो कार को टक्कर मार दी। हादसे में बलेनो सवार एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने आरोपित थार चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खाटू श्याम दर्शन के लिए जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार शिवाजी नगर का एक परिवार शुक्रवार सुबह खाटू श्याम दर्शन के लिए जा रहा था। सोहना चौक के पास पहुंचते ही रेलवे रोड की तरफ आई तेज रफ्तार थार ने उनकी बलेनो को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलेनो और थार दोनों सड़क पर पलट गई।

हादसे में बलेनो में सवार परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
शराब के नशे में मिला थार ड्राइवर
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने थार चालक को हिरासत में ले लिया। जांच में चालक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि थार और बलेनो दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच कराई जा रही है। पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

