द्वारका एक्सप्रेसवे से मानेसर तक सफर होगा सुपरफास्ट, गुरुग्राम के दादी सती चौक पर बनेगा 6 लेन का फ्लाईओवर

गुरुग्राम। नए गुरुग्राम के सबसे व्यस्त दादी सती चौक पर ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने तैयारी शुरू कर दी है।

छह लेन फ्लाईओवर निर्माण के लिए टेंडर अगस्त के पहले सप्ताह में खोला जाएगा। मल्टी यूटिलिटी कॉरिडोर (MUC) पर बनने वाला यह फ्लाईओवर द्वारका एक्सप्रेसवे और आइएमटी मानेसर के बीच वाहनों की आवाजाही को आसान बनाएगा।

अगस्त के पहले सप्ताह में टेंडर खोले जाने के बाद परियोजना को हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी (HPWPC) की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा, जिसे 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

करीब 750 मीटर लंबे फ्लाईओवर में दोनों दिशाओं में तीन-तीन लेन होंगी। यह फ्लाईओवर मल्टी यूटिलिटी कॉरिडोर पर गुरुग्राम और मानेसर की दिशा में बनाया जाएगा। स्थानीय यातायात के लिए सर्विस रोड और यू-टर्न की भी व्यवस्था रहेगी, जिससे आसपास के सेक्टरों के लोगों को सुविधा मिलेगी।

फिलहाल फ्लाईओवर, बाद में बनेगा अंडरपास

बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए परियोजना में रामपुरा चौक से पटौदी रोड को जोड़ने वाली सड़क पर भविष्य में अंडरपास बनाने का भी प्रावधान रखा गया है। फ्लाईओवर के पिलरों की डिजाइन अभी से इस तरह तैयार की जाएगी कि भविष्य में अंडरपास बनने के दौरान यातायात बाधित न हो।

  • 750 मीटर लंबा होगा फ्लाईओवर
  • 6 लेन में होगा निर्माण
  • 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य
  • 4 सेक्टर (85, 86, 89 और 90) को मिलेगा सीधा लाभ मिलेगा
  • 1 अंडरपास बनाने का भी प्रावधान

चार सेक्टरों को मिलेगी सबसे बड़ी राहत

दादी सती चौक सेक्टर-85, 86, 89 और 90 का प्रमुख जंक्शन है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। फ्लाईओवर बनने से जंक्शन की क्षमता बढ़ेगी, जाम कम होगा, यात्रा समय घटेगा और सड़क सुरक्षा भी बेहतर होगी।

फिलहाल मल्टी यूटिलिटी कॉरिडोर पर सबसे ज्यादा ट्रैफिक दबाव रहता है। सती चाैक को पार करने में लंबा समय लगने के कारण ट्रैफिक जाम के साथ ही हादसा होने का भी डर रहता है।

दादी सती चौक फ्लाईओवर के लिए अगस्त के पहले सप्ताह में टेंडर खोले जाएंगे। इसके बाद परियोजना को हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने पर निर्माण कार्य शुरू होगा और 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है।

 अमित गोदारा, एक्सईएन, GMDA

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top