
गुरुग्राम। शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस उपायुक्त यातायात प्रतीक गहलोत ने सोमवार को गुरुग्राम के कई दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पाॅट का निरीक्षण किया।
डीसीपी ट्रैफिक ने सेक्टर-53/54 चौक, सेक्टर-42/43 चौक, सेक्टर-31 चौक के साथ-साथ पचगांव फौजी ढाबा और पचगांव चौक का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक रोड सेफ्टी इंस्पेक्टर मदन, संबंधित यातायात निरीक्षक, जोनल अधिकारी, राहगीरी टीम, टेक्निकल टीम और आरएसओ टीम के अधिकारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने संयुक्त रूप से सड़कों की वर्तमान स्थिति, यातायात संचालन, ट्रैफिक साइनेज, रोड मार्किंग, दृश्यता, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और अन्य सड़क सुरक्षा मानकों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सभी ब्लैक स्पाट पर आवश्यक सुधारात्मक उपायों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। डीसीपी गहलोत ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप अध्ययन के बाद सुधार कार्य का विस्तृत ब्योरा तैयार करने के लिए टेक्निकल टीम को विशेष निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नवीनतम तकनीकी प्रणाली का प्रयोग कर इन स्थानों पर हादसों में होने वाली मौतों को कम किया जाएगा। गुरुग्राम यातायात पुलिस का कहना है कि वह लगातार सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए कार्यरत है।

