
फरुखनगर (ग्रुरुग्राम)। फरुखनगर अनाज मंडी के विकास को लेकर शुक्रवार को कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। हरियाणा विपणन बोर्ड के चेयरमैन वेदपाल ने मंडी का दौरा कर किसानों, व्यापारियों और मार्केट कमेटी के पदाधिकारियों की समस्याएं सुनीं और मंडी में सुविधाओं के विस्तार की घोषणा की।
हरियाणा में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से मंडियों में आर्गेनिक सब्जियों के लिए अलग स्थान उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है। इसी योजना के तहत फरुखनगर क्षेत्र के गांव कालियावास में करीब 21 एकड़ भूमि पर हरियाणा की सबसे बड़ी आर्गेनिक सब्जी मंडी विकसित करने की योजना पर मंथन शुरू हो गया है।
इस मंडी के विकसित होने से जैविक खेती करने वाले किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध होगा और उपभोक्ताओं को भी जैविक सब्जियां एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।
व्यवस्थाओं का लिया जायजा
इससे पहले अनाज मंडी पहुंचने पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन दौलतराम, कमेटी सदस्यों, व्यापारियों और किसानों ने चेयरमैन वेदपाल का फूल मालाओं, पुष्पगुच्छ और शाल ओढ़ाकर जोरदार स्वागत किया। इसके बाद चेयरमैन ने मंडी परिसर में पौधारोपण कर वन महोत्सव का शुभारंभ किया।
उन्होंने मंडी परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसानों व व्यापारियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। चेयरमैन वेदपाल ने कहा कि फरुखनगर अनाज मंडी में जल्द ही नया टीनशेड बनाया जाएगा।
मंडी की चारदीवारी का नवीनीकरण करने के साथ-साथ उसे और ऊंचा किया जाएगा। किसानों और मंडी में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए नए सुलभ शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा किसानों के लिए मंडी में अटल कैंटीन शुरू की जाएगी, जिससे उन्हें उचित दरों पर भोजन उपलब्ध हो सके। उन्होंने मंडी की बेहतर सफाई व्यवस्था के निर्देश दिए।
सुल्तानपुर रोड पर बनेगा मंडी का नया गेट
चेयरमैन ने कहा कि सुल्तानपुर-फरुखनगर रोड की ओर मंडी का नया गेट बनाया जाएगा। इससे मंडी में आवागमन की व्यवस्था को और सुगम बनाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा मार्केटिंग बोर्ड के अंतर्गत आने वाली गांवों को जोड़ने वाली सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी।
क्षेत्र में दो नए लिंक रोड बनाए जाने की भी योजना है। इस अवसर पर जेडए जितेंद्र कुमार, जेडएमईओ राजीव, डीएमईओ विनय यादव, एसई राजेश कुमार, कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव मनीष कुमार, चेयरमैन दौलतराम, उपचेयरमैन कंवर पाल चौहान, कमेटी सदस्य श्रीभगवान खैंटावास, पंकज यादव, मनोज चौहान, राजू, राजेंद्र सैनी और सतपाल सैनी सहित किसान, व्यापारी मौजूद रहे।

