गुरुग्राम में घरेलू सहायिका से मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया मामला

गुरुग्राम। सुशांत लोक थाना क्षेत्र के डीएलएफ फेस-पांच में घरेलू सहायिका से मारपीट का तीन महीने पुराना एक वीडियो रविवार रात से इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में एक महिला घर में काम करने वाली सहायिका के साथ मारपीट करती दिख रही है। मामले का संज्ञान लेते हुए गुरुग्राम पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार प्रसारित वीडियो डीएलएफ फेस-पांच के एक घर का बताया जा रहा है। यह वीडियो बाहर किसी दूसरी बिल्डिंग से बनाया गया। इसमें करीब 50 वर्षीय एक महिला घरेलू सहायिका को धक्का देती और हाथापाई करती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला नेपाल की रहने वाली है और घटना के बाद उसने काम छोड़ दिया था।

पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर किया केस दर्ज

सूत्रों के अनुसार करीब तीन महीने पहले यह घटना सुशांत लोक थाना पुलिस के पास आई थी, तब दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। घरेलू सहायिका ने भी लिखकर दिया था कि उसे कोई कार्रवाई नहीं करानी है। महिला दो साल से काम कर रही थी। वीडियो के प्रसारित होने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए अब मामला दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि पीड़ित महिला से संपर्क कर बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि घरेलू कामगारों के साथ इस तरह का व्यवहार निंदनीय है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top