गुरुग्राम के इस पेंटहाउस की कीमत उड़ा देगी होश, स्टांप ड्यूटी और इंटीरियर मिलाकर पहुंचेगा 325 करोड़ पार

गुरुग्राम। डीएलएफ के अल्ट्रा-लग्जरी प्रोजेक्ट द डहलियास में एक पेंटहाउस 271 करोड़ रुपये में बिकने के बाद गुरुग्राम के रियल एस्टेट बाजार में लक्जरी प्रापर्टी की कीमतों को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।

करीब 17,200 वर्ग फुट के इस पेंटहाउस की बिक्री ने न केवल एक आवासीय यूनिट के लिए अब तक के बड़े सौदों में जगह बनाई है, बल्कि गुरुग्राम के प्रीमियम रियल एस्टेट बाजार के बढ़ते कद को भी सामने रखा है।

स्टांप ड्यूटी और इंटीरियर पर भी करोड़ों का खर्च

हालांकि 271 करोड़ रुपये की कीमत इस पेंटहाउस की अंतिम लागत नहीं होगी। रजिस्ट्री के समय लगने वाली स्टांप ड्यूटी और अन्य शुल्क पर करीब 17 से 18 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

इसके अलावा इतने बड़े और लक्जरी पेंटहाउस के इंटीरियर, फर्निशिंग, डिजाइनिंग और अन्य सुविधाओं पर करीब 25 से 35 करोड़ रुपये तक खर्च हो सकते हैं।

इन लक्जरी प्रोजेक्टों में फ्लैट या पेंटहाउस बगैर फर्निश किए मिलते हैं। ऐसे में संपत्ति की कुल लागत करीब 315 से 325 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है। यानी एक ही पेंटहाउस की कीमत 300 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर जाएगी।

गुरुग्राम में अल्ट्रा-लग्जरी प्रापर्टी की बढ़ी मांग

रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि इस सौदे ने गुरुग्राम में अल्ट्रा-लग्जरी आवासीय संपत्तियों के लिए एक नया मूल्य स्तर तय किया है।

बेहतर कनेक्टिविटी, गोल्फ कोर्स रोड और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड जैसे प्रीमियम इलाके, कॉरपोरेट हब की नजदीकी, अंतरराष्ट्रीय कंपनियों की मौजूदगी और लगातार बेहतर हो रहा इन्फ्रास्ट्रक्चर देशभर के बड़े निवेशकों और हाई नेटवर्थ खरीदारों को गुरुग्राम की ओर आकर्षित कर रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top