गुरुग्राम के महादंगल में पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच, 51 हजार की कुश्ती बराबरी पर छूटी

 (सोहना) गुरुग्राम। गांव भोंडसी में स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज के अवसर पर कप्तान जगमाल सिंह खेल स्टेडियम में आयोजित महाकुश्ती दंगल में पहलवानों ने दमखम दिखाया। दादी सती मंदिर समिति भौंडसी की ओर से आयोजित दंगल में कई राज्यों से पहुंचे पहलवानों ने शानदार दांव-पेच लगाकर हजारों दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

दादी सती मईया के जयकारों से पूरा खेल स्टेडियम गूंज उठा। दंगल में 51 हजार रुपये की इनामी कुश्ती उपकार पहलवान और सुखचैन के बीच बराबरी पर छूटी। वहीं पहलवान रामोतार अखाड़े का दबदबा भी देखने को मिला।

दंगल की 31 हजार रुपये की दूसरी इनामी कुश्ती में विजेता पहलवान ने मुकाबला अपने नाम किया। 21 हजार रुपये की तीसरी कुश्ती में भोंडसी के मनमोहन पहलवान ने डूंगरकला, पंजाब के पहलवान हैप्पी को चित कर दिया। 11 हजार रुपये की कुश्ती में भोंडसी के जतिन भारद्वाज ने सुरती पहलवान को हराकर जीत हासिल की।

इसके अलावा 5100, 3100 और 2100 रुपये की इनामी कुश्तियों में भी पहलवानों ने अपने जौहर दिखाए। अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश), छत्रसाल अखाड़ा दिल्ली, रोहतक और सोनीपत सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे पहलवानों ने मुकाबलों में हिस्सा लिया। विजेता पहलवानों को स्मृति चिह्न और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इससे पहले महादंगल का शुभारंभ चेयरमैन सुभाष बंसल ने फीता काटकर किया। आयोजन में जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन कल्याण सिंह चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता नरेश सहरावत एवं हरीश शर्मा ने 51-51 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग दिया। चेयरमैन सुभाष बंसल, रवि यादव और पार्षद नारायण भड़ाना ने 21-21 हजार रुपये दिए।

समाजसेवी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरिदमन सिंह बिल्लू ने दो विजेता पहलवानों को 10 किलो गाय का देसी घी दिया। समाजसेवी एवं भाजपा नेता दीपक गर्ग, पूर्व चेयरमैन शैलेश खटाना, सुनील मान, आजाद मेंबर और तहसीलदार जसवंत ने 11-11 हजार रुपये तथा सतबीर पहलवान और पूर्व सरपंच राजकपूर ने पांच-पांच हजार रुपये का सहयोग किया।

गणमान्य लोगों ने बढ़ाया पहलवानों का हौसला

दंगल में करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अरिदमन सिंह बिल्लू, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेश चौहान, कर्नल राजेश छौंकर, कर्नल धर्मपाल राघव, जिला राजपूत महासभा के पूर्व अध्यक्ष जतनवीर राघव और पूर्व पार्षद रमन जांगड़ा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

आयोजक सती मंदिर कमेटी के प्रधान नंबरदार भागीरथ राघव, रामोतार राघव, विजय राघव, आजाद भारद्वाज, केपी छौंकर, डाक्टर श्याम राघव, एस कुमार राघव, विजय राघव, सूबेदार रमेश राघव और लेखराज राघव ने अतिथियों का पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। मास्टर रविन्द्र ने दंगल की व्यवस्था में सहयोग किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top