गुरुग्राम में दुस्साहस: राजमिस्त्री को अगवा कर 4 घंटे बाद फेंका, पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश

 गुरुग्राम। गुरुग्राम में न्यू कॉलोनी थाना क्षेत्र के मदनपुरी में एक मकान पर टाइल लगाने आए मिस्त्री को 8-10 लड़कों ने मारपीट कर जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपहरण कर लिया। मिस्त्री को छुड़ाने आए मकान मालिक को भी आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को गाडौली गंदा नाले के पास से बेहोशी की अवस्था में बरामद किया। फिलहाल उसका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

न्यू कॉलोनी पुलिस को दी शिकायत में मदनपुरी निवासी सुभाष कुमार ने बताया कि उनके यहां मनोहर नगर निवासी सुभाष मंडल एक सप्ताह से टाइल लगाने का काम कर रहा था। सुभाष मंडल मूल रूप से मधेपुरा के मुरलीगंज के रहने वाला है और गुरुग्राम में किराये से रहता है।

8-10 साथियों को बुलाया

शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे उनके घर पर मिस्त्री सुभाष टाइल लगा रहा था। इसी दौरान इसके गांव का एक लड़का आया। उसने सुभाष मंडल को बाहर बुलाया और एक अन्य युवक से उसका परिचय कराया। थोड़ी देर बाद ही उस युवक ने अपने 8-10 साथियों को बुला लिया। सभी बाइक से आए।

बताया गया कि सुभाष मंडल से मारपीट कर उसे बाइक पर बिठा लिया और अपने साथ ले जाने लगे। इस पर मकान मालिक सुभाष बाहर आए और विरोध जताया तो उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी गई। मकान मालिक ने फौरन 112 पर सूचना दी।

सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया

पुलिस ने मिस्त्री के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की तो वह सेक्टर-37 क्षेत्र के गाडौली गंदा नाला के पास मिली। कुछ घंटे में ही पुलिस लोकेश पर पहुंच गई। यहां 4-5 लड़के खड़े थे, जो पुलिस को देखकर भाग निकले। मौके से पुलिस ने एक स्कूटी और बाइक बरामद की। साथ ही सुभाष मंडल को भी बेहोशी की हालत में पड़ा पाया। घायल मिस्त्री को उपचार के लिए सेक्टर-10 के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रविवार को बयान में पीड़ित ने बताया कि आरोपित उसके पास से करीब नौ हजार रुपये की नकदी और फोन लूट ले गए। साथ ही उसके अकाउंट से भी रुपये निकाले हैं। पीड़ित ने आरोपितों किसी भी प्रकार की जान-पहचान से इनकार किया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top