गुरुग्राम: श्मशान में संदिग्ध मिट्टी के ढेर से हड़कंप, गार्ड की वर्दी और जूते मिलने के बाद खोदाई में सामने आई सच्चाई

गुरुग्राम। गुरुग्राम सेक्टर 17/18 थाना क्षेत्र के सिरहौल गांव स्थित श्मशान स्थल पर शनिवार सुबह मिट्टी के एक संदिग्ध ढेर के मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों ने आशंका जताई कि किसी असामाजिक तत्व द्वारा यहां किसी शव को दफनाया गया है। सूचना मिलने पर सेक्टर 17/18 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

ग्रामीणों के अनुसार सुबह कुछ लोग श्मशान पहुंचे तो उन्होंने वहां मिट्टी का एक ऊंचा ढेर देखा। ढेर के ऊपर पेड़ों की टहनियां और पत्ते डाले हुए थे।

इस स्थिति को देखकर लोगों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों और पुलिस को दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए और हंगामा शुरू कर दिया।

मौके से मिले जूते और गार्ड की वर्दी

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मिट्टी के ढेर के पास एक जोड़ी जूते और एक गार्ड जैसी वर्दी भी पड़ी मिली। इससे लोगों का शक और गहरा गया।

मजिस्ट्रेट की निगरानी में हुई खोदाई

सेक्टर 17/18 थाना पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट को मौके पर बुलाया गया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मिट्टी के ढेर को मशीन से हटाया गया। यहां कुछ भी नहीं मिला। इसके बाद जाकर मामला शांत हुआ। पुलिस ने आशंका जताई कि यह असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। इसकी जांच की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top