
गुरुग्राम। शादी के लिए जीवनसाथी की तलाश कर रही एक युवती साइबर ठगों के जाल में फंस गई। मैट्रिमोनियल एप के जरिए संपर्क करने वाले आरोपित युवक ने बातों में उलझाकर युवती के क्रेडिट कार्ड से दो लाख 31 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़िता की शिकायत पर साइबर दक्षिण थाना पुलिस ने सोमवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बादशाहपुर निवासी पीड़ित युवती ने बताया कि उसने शादी के लिए मैट्रिमोनियल एप पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी। कुछ दिन बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने संपर्क किया। आरोपित ने खुद को भरोसेमंद और शादी के लिए इच्छुक बताया और धीरे-धीरे बातचीत शुरू कर दी।
भरोसा जीतने के बाद आरोपित ने युवती से क्रेडिट कार्ड की डिटेल मांग ली। झांसे में आकर युवती ने कार्ड की जानकारी दे दी। इसके बाद आरोपित ने कार्ड से दो लाख 31 हजार रुपये निकालकर ठगी कर ली। जब युवती को बैंक से मैसेज मिले तो उसे ठगी का पता चला।
साइबर पुलिस ने बताया कि बैंक ट्रांजेक्शन और मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपित की पहचान की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

