गुरुग्राम में कॉलेज बस खराब होने से लगा भीषण जाम, वाहन चालक घंटों फंसे

गुरुग्राम। साइबर सिटी में सोमवार शाम पीक टाइम के दौरान मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम मेट्रो स्टेशन के नजदीक अंडरपास में कालेज की बस खराब होने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। अंडरपास के बीचोंबीच बस खड़ी होने से वाहनों की रफ्तार थम गई। देखते ही देखते वाहनों की कतार करीब दो किलोमीटर तक यानी सिग्नेचर टावर चौक तक पहुंच गई। जाम में फंसे वाहन चालक और राहगीर करीब एक से दो घंटे तक परेशान रहे।

शाम के समय कार्यालयों से घर लौटने और कालेजों की छुट्टी होने के कारण सड़क पर वाहनों का दबाव पहले से ही अधिक था। ऐसे में अंडरपास में बस खराब होने से स्थिति और बिगड़ गई। अंडरपास से निकलने के लिए वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। कई वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते दिखाई दिए।

जाम के कारण सड़कों पर बढ़ा दबाव

जाम के कारण आसपास की सड़कों पर भी यातायात का दबाव बढ़ गया। वाहन चालकों का कहना था कि पीक टाइम में इस तरह वाहनों के खराब होने से पूरा यातायात तंत्र प्रभावित हो जाता है। उनका कहना था कि अंडरपास में खराब वाहन को तत्काल हटाने की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि थोड़ी सी खराबी के कारण हजारों लोगों को घंटों परेशानी न झेलनी पड़े।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top