गुरुग्राम: तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, परिवार के चार लोग घायल

 गुरुग्राम। गुरुग्राम सेक्टर 56 थाना क्षेत्र में गोल्फ कोर्स रोड पर सेक्टर 55 के पास तेज रफ्तार ह्यूंडई एक्स्टर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

हादसे में परिवार के चार लोग घायल हाे गए। इसमें तीन लोग गंभीर हैं, उन्हें दिल्ली के लामा अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब चार बजे सिकंदरपुर की तरफ से कार तेज रफ्तार में गोल्फ कोर्स रोड पर जा रही थी।

सेक्टर-55 कट के पास पहुंचते ही चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा। अचानक अनियंत्रित हुई कार सड़क के बीच में डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गाड़ी सड़क के बीचों-बीच फंस गई।

कड़ी मशक्कत के बाद कार से निकाले गए 4 सवार

टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर आए। अन्य वाहन चालकों और राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद कार में सवार चार लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा।

बताया जाता है कि कार में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे मौजूद थे। सेक्टर 56 थाना पुलिस ने बताया कि सभी का इलाज दिल्ली के अस्पताल में चल रहा है। उनके होश आने पर बयान लिए जाएंगे।

सिर्फ एक घायल बच्ची की पहचान आरुषि के रूप में की गई है। अन्य के बारे में भी पूछताछ की जाएगी। गाड़ी की नंबर प्लेट टूटकर कहीं दूर जा गिरी। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जाएंगे, ताकि घटना के कारणों का पता चल सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top