
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम की ओर से शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए चलाया जा रहा विशेष अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। निगम की अलग-अलग टीमों ने कई क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण हटाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह का अनधिकृत कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जोन-3 के धनवापुर क्षेत्र में निगम की टीम ने अभियान चलाकर दुकानों, होटलों और सड़क किनारे ढाबों से जुड़े अस्थायी शेड तथा अन्य अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक रास्तों को खाली कराया गया, ताकि वाहनों और राहगीरों की आवाजाही सुचारु हो सके।
सेक्टर-56-57 और सेक्टर-34 में भी कार्रवाई
सेक्टर-56/57 की डिवाइडिंग रोड, हांगकांग मार्केट के पास और सेक्टर-34 में भी निगम की प्रवर्तन टीम ने कार्रवाई की। टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण हटाकर रास्तों को बाधामुक्त किया। निगम अधिकारियों ने कहा कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
न्यू कालोनी में रैंप और सीढ़ियां हटाईं
न्यू कालोनी क्षेत्र में भी निगम की टीम ने अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया। यहां सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अनधिकृत कब्जों के अलावा रैंप, सीढ़ियों और अन्य प्रकार के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। निगम की ओर से लोगों को चेतावनी दी गई कि वे सार्वजनिक स्थानों का निजी गतिविधियों या भवन के अनधिकृत विस्तार के लिए इस्तेमाल न करें।
नियमित निगरानी के साथ जारी रहेगा अभियान
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर की सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखना निगम की प्राथमिकता है। अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमित निगरानी के साथ जरूरत के अनुसार प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी और सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।

