
गुरुग्राम। सरकारी जमीन और सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने सख्ती बढ़ा दी है। मंगलवार को शहर के विभिन्न हिस्सों में चलाए गए व्यापक अभियान के दौरान करीब दस किलोमीटर सड़क और आसपास की सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। जीएमडीए के अधिकारियों का कहना है कि सरकारी जमीन पर कब्जा कर उसे किराये पर देने वालों के विरुद्ध अब प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा कर उसका व्यावसायिक इस्तेमाल करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। कब्जा करने, करवाने या सरकारी जमीन पर बनाए गए अवैध ढांचों को किराये पर देने वालों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज करने के साथ अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। प्राधिकरण की नजर अब उन लोगों पर भी है जो अतिक्रमण के पीछे रहकर सरकारी जमीन से कमाई कर रहे हैं।
सेक्टर-56-57 में 1.5 किलोमीटर क्षेत्र साफ
सेक्टर-56-57 में करीब 1.5 किलोमीटर क्षेत्र में कार्रवाई की गई। यहां 20 झुग्गियां, पांच स्थायी ढांचे, पांच टीन की दुकानें और एक गार्ड रूम हटाया गया। कार्रवाई के बाद हरित पट्टी और आसपास की सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराया गया।
सेक्टर-52-52ए में सबसे बड़ी कार्रवाई
सेक्टर-52/52ए में करीब 2.8 किलोमीटर क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई हुई। टीम ने सरकारी जमीन पर बने 15 अस्थायी ढाबानुमा ढांचों को हटाया। इसके अलावा सड़क के अधिकार क्षेत्र से 25 टीन शेड, 15 टीन की दुकानें, 10 रैंप और 10 अवैध ठेले हटाए गए। जांच में सामने आया कि कुछ सरकारी जमीन और अवैध ढांचों को स्थानीय स्तर पर पांच से 10 हजार रुपये मासिक किराये पर दिया जा रहा था। इसे लेकर जीएमडीए ने संबंधित लोगों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सेक्टर-43-44 में झुग्गियां और रेहड़ियां हटाईं
सेक्टर-43/44 में करीब 1.2 किलोमीटर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया गया। यहां 10 अवैध रेहड़ियां, 10 झुग्गियां और 20 अवैध ठेले हटाकर सड़क और आसपास के क्षेत्र को कब्जामुक्त कराया गया।
सेक्टर-29 से 41 तक भी चला अभियान
सेक्टर-29-30 और सेक्टर-29-41 में करीब 1.5 किलोमीटर क्षेत्र में अवैध ठेले और अन्य अतिक्रमण हटाए गए। वहीं सेक्टर-70-70ए और मिलेनियम सिटी सेंटर से एमजी रोड तक करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में भी कार्रवाई कर सरकारी जमीन और सड़क के रास्ते को अवरोधमुक्त कराया गया।

