
गुरुग्राम। मानेसर के बाबा भीष्मदास मंदिर में बुधवार सुबह तीन दिन का नवजात बच्चा मिला। बच्चे को किसी ने मंदिर परिसर में छोड़ दिया था।
जानकारी के अनुसार, आसपास के लोगों के आशंका जताई कि स्वजन देर रात बच्चे को मंदिर में छोड़कर चले गए। सुबह जब पुजारी और श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो उन्हें बच्चा रोता हुआ मिला।
बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ
सूचना मिलते ही मानेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्चे को कब्जे में लेकर तुरंत नजदीकी अस्पताल में दाखिल कराया।
डॉक्टरों के अनुसार, बच्चा स्वस्थ है और उसे किसी तरह की कोई चोट नहीं है। मानेसर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बच्चे को छोड़ने वाले स्वजन की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चे की देखभाल की जा रही है। यदि स्वजन सामने नहीं आते तो नियमानुसार बच्चे को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को सौंपा जाएगा।

