
गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने फ्लैट की बिक्री में धोखाधड़ी के मामले में एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने बैंक से लोन बकाया होने के बावजूद उसे क्लीयर होने का भरोसा दिलाकर और फर्जी दस्तावेज दिखाकर शिकायतकर्ता से 1 करोड़ 10 लाख रुपये ले लिए।
पुलिस के अनुसार 4 अप्रैल को दी गई शिकायत में बताया गया कि दिल्ली निवासी आरोपित भानु प्रिया नारंग और उसके पति ध्रुव शर्मा ने सुशांत लोक फेज दो स्थित एक फ्लैट को 1 करोड़ 10 लाख रुपये में बेचने का सौदा किया था। आरोपितों ने शिकायतकर्ता को बताया कि फ्लैट पर बैंक लोन है, जिसे वे चुकता कर देंगे और इसके बाद बैंक की एनओसी व मूल कागज दे दिए जाएंगे।
बैंक स्टेटमेंट और फोरक्लोजर का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाया
इस भरोसे पर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग तारीखों में पूरी राशि आरोपितों को दे दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि लोन क्लीयर होने का विश्वास दिलाने के लिए आरोपितों ने बैंक स्टेटमेंट और फोरक्लोजर का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाया। इसके बाद 23 जनवरी 2025 को फ्लैट का बिक्री विलेख शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी के नाम कर दिया गया।
बाद में जब बैंक से सत्यापन कराया गया तो पता चला कि फ्लैट पर अभी भी 35.70 लाख का लोन बकाया है। सेक्टर 56 थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया। कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों मंगलवार रात दिल्ली से पकड़ा गया।

